पुराना लिंटर गिरने से 2 मजदूर घायल:बरेली में सपोर्ट लगाने की मांग अनसुनी करने का आरोप; एक के पैर में तीन फ्रैक्चर
बरेली के किला थाना क्षेत्र के स्वालेनगर नवदिया में पुराना लिंटर तोड़ते समय गिर गया। मलबे में दबने से दो मजदूर घायल हो गए। मजदूरों का आरोप है कि उन्होंने सपोर्ट लगाने की मांग की थी, लेकिन मकान मालिक ने ध्यान नहीं दिया।
राजेंद्र (45), पुत्र चेतराम और मुन्ना उर्फ हसीब (20), पुत्र रफीक शाहिद के पुराने मकान को तोड़ रहे थे। मकान पब्लिक स्कूल के पास मस्जिद के निकट है। मजदूरों के मुताबिक, लिंटर पुराना और कमजोर था। उन्होंने मकान मालिक शाहिद को इसकी जानकारी देकर पहले सपोर्ट लगवाने की सलाह दी थी। आरोप है कि उनकी बात अनसुनी कर काम शुरू करा दिया गया।
मजदूरों के मुताबिक, काम शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद लिंटर गिर गया और दोनों मलबे में दब गए। राजेंद्र के पैर में तीन जगह फ्रैक्चर हुआ है, जबकि हसीब को भी गंभीर चोटें आई हैं। राजेंद्र का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हसीब को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
राजेंद्र ने आरोप लगाया कि मकान मालिक ने हादसे के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था नहीं की। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। राजेंद्र के मुताबिक, डॉक्टरों ने करीब तीन महीने तक इलाज चलने की बात कही है। उन्होंने मकान मालिक पर इलाज का खर्च देने से इनकार करने का भी आरोप लगाया।
दोनों मजदूरों ने थाना किला पहुंचकर मकान मालिक शाहिद के खिलाफ शिकायत दी है। उन्होंने कार्रवाई करने और इलाज का खर्च दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)