नियमों को ताक पर रखकर हो रही पटाखा बिक्री:जिमखाना मैदान के पटाखा बाजार में न फायर ब्रिगेड की तैनाती, न सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम
दीपावली के त्योहार को देखते हुए शहर में पटाखों की बिक्री के लिए अस्थायी दुकानें लगाई गई हैं। प्रशासन की ओर से पटाखों की बिक्री को लेकर दुकानदारों के लिए कई नियम और सुरक्षा मानक निर्धारित किए गए थे। इनका उद्देश्य किसी भी संभावित हादसे को रोकना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था, लेकिन जिमखाना मैदान में इन नियमों का पालन होता नजर नहीं आ रहा है। यहां नियमों को ताक पर रखकर पटाखों की बिक्री की जा रही है। मैदान में करीब 10 पटाखों की दुकानें लगाई गई हैं, जहां बड़ी मात्रा में पटाखे बिक्री के लिए रखे गए हैं। फायर ब्रिगेड की गाड़ी तक मौजूद नहीं पटाखों की बिक्री के दौरान सबसे जरूरी अग्निशमन व्यवस्था ही मौके पर नजर नहीं आ रही है। जिमखाना मैदान में लगी किसी भी दुकान के आसपास फायर ब्रिगेड की गाड़ी या दमकलकर्मियों की तैनाती नहीं है। ऐसे में किसी दुकान में आग लगने या अन्य हादसा होने की स्थिति में तत्काल बचाव कैसे होगा, यह बड़ा सवाल है। पटाखों की बिक्री वाले स्थान पर आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम होना जरूरी है, लेकिन यहां इसकी अनदेखी की जा रही है। भीड़ के बीच हादसे का खतरा, निगरानी पर सवाल त्योहार के दौरान पटाखे खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में पहुंच रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा इंतजामों की कमी लोगों के लिए खतरा बन सकती है। एक छोटी सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। प्रशासन की ओर से नियम निर्धारित किए जाने के बावजूद उनका पालन नहीं होना निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। सवाल यह है कि जब प्रशासन ने पटाखों की बिक्री के लिए सुरक्षा मानक तय किए हैं तो उनकी निगरानी कौन कर रहा है और यदि यहां कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)