रेउना बाजार में दुकान का शेड गिरा, 3 लोग दबे:ग्रामीणों-पुलिस ने मलबे से निकाला; सीएचसी में इलाज के बाद घर भेजे गए

Sep 25, 2026 - 15:52
0
रेउना बाजार में दुकान का शेड गिरा, 3 लोग दबे:ग्रामीणों-पुलिस ने मलबे से निकाला; सीएचसी में इलाज के बाद घर भेजे गए
रेउना कस्बे के बाजार में शुक्रवार को एक दुकान के आगे लगा सीमेंटेड चादरों का शेड अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान दुकान के पास खरीदारी कर रहे वृद्धा समेत तीन लोग शेड के मलबे में दब गए। अचानक शेड गिरने से बाजार में अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। घायल अवस्था में सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाटमपुर भेजा गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी को घर भेज दिया। रेउना कस्बे के बाजार में एक दुकान के आगे काफी समय से सीमेंट की चादरों से बना शेड लगा हुआ था। शुक्रवार को बाजार में लोगों की आवाजाही के दौरान अचानक शेड भरभराकर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से गौरा गांव निवासी सेवाराम (65), टडवारा निवासी निधि (17) और इछौली गांव निवासी बिटान (60) पत्नी गजराज मलबे में दब गए। शेड गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने मिलकर मलबे में दबे तीनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस की मदद से सीएचसी घाटमपुर भेजा गया। सीएचसी में चिकित्सकों ने तीनों घायलों का उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। हादसे के बाद बाजार में कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User