रिंकू सिंह बन सकते हैं कोलकाता के नए कप्तान:इरफान पठान बोले- सुनील नरेन और शाई होप भी विकल्प

Nov 28, 2026 - 15:46
0
रिंकू सिंह बन सकते हैं कोलकाता के नए कप्तान:इरफान पठान बोले- सुनील नरेन और शाई होप भी विकल्प
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा है कि रिंकू सिंह KKR के नए कप्तान बन सकते हैं। तीन बार की चैंपियन टीम IPL ऑक्शन से पहले कप्तानी का विकल्प तलाश रही है। KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे के रिटायरमेंट के बाद यह पद खाली हुआ है। IPL ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में होगा। पठान ने कहा कि टीम में नेतृत्व के ज्यादा विकल्प नहीं हैं। पिछले सीजन के उपकप्तान रिंकू इस भूमिका के लिए सबसे मजबूत दावेदार हैं। पठान ने यह बात जियोस्टार पर कही। उन्होंने यह भी कहा कि KKR ऑक्शन से कप्तान खरीदने पर विचार कर सकती है। रिंकू को कप्तानी देने की चर्चा इरफान पठान ने कहा, “रिंकू सिंह को KKR का कप्तान बनाने की काफी चर्चा हो रही है। इस समय टीम में नेतृत्व के ज्यादा विकल्प नहीं हैं।” उन्होंने कहा, “रिंकू सबसे अच्छा विकल्प नजर आते हैं। टीम मैनेजमेंट के काम करने के तरीके को देखते हुए मुझे लगता है कि रिंकू सिंह KKR के नए कप्तान बनेंगे।” वडोदरा के 42 साल के पठान ने कहा कि KKR ऑक्शन में किसी कप्तान को खरीदने का विकल्प भी चुन सकती है। उन्होंने वेस्टइंडीज के शाई होप का नाम सुझाया। पठान ने कहा, “अगर टीम ऑक्शन से कप्तान खरीदना चाहती है, तो शाई होप एक विकल्प हैं। उन्होंने हाल ही में भारत के खिलाफ सीरीज खेली और अच्छा प्रदर्शन किया।” उन्होंने कहा, “KKR इस विकल्प पर भी जरूर विचार कर सकती है।” आकाश चोपड़ा ने भी रिंकू का समर्थन किया पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने भी कप्तानी के लिए रिंकू सिंह का समर्थन किया। उन्होंने सुनील नरेन को भी एक विकल्प बताया। रिंकू पिछले सीजन KKR के उपकप्तान थे। चोपड़ा ने कहा, “अगर KKR रिंकू को कप्तानी देना चाहती है, तो वही एक विकल्प नजर आते हैं।” उन्होंने कहा, “पिछले साल उन्हें उपकप्तान बनाया गया था। इससे कप्तानी के लिए उनका दावा और मजबूत होता है।” चोपड़ा ने कहा, “सुनील नरेन भी एक विकल्प हैं। वह पहले कप्तानी कर चुके हैं, इसलिए वह भी खराब विकल्प नहीं होंगे।” ग्रीन को रिटेन करने के फैसले पर सवाल चोपड़ा ने ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपए में रिटेन करने के KKR के फैसले पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “मैं ग्रीन को रिलीज नहीं करने के फैसले से थोड़ा हैरान हूं। 25.20 करोड़ रुपए बहुत बड़ी रकम है।” KKR IPL ऑक्शन में 41 करोड़ रुपए के पर्स के साथ उतरेगी। चोपड़ा ने कहा कि अगर टीम ग्रीन को रिलीज करती, तो उसके पास ज्यादा रकम होती। उनके मुताबिक, KKR ग्रीन को ऑक्शन में कम कीमत पर फिर खरीद सकती थी। उन्होंने कहा कि इस ऑक्शन में कोई भी टीम ग्रीन के लिए 25 करोड़ रुपए की बोली नहीं लगाती। चोपड़ा ने कहा, “मुझे पता चला है कि KKR ने ग्रीन को ट्रेड के जरिए दूसरी टीम को देने की कोशिश की थी। लेकिन किसी टीम ने उन्हें नहीं लिया।” उन्होंने कहा, “ज्यादातर फ्रेंचाइजी ने यह ऑफर ठुकरा दिया। ग्रीन ऑस्ट्रेलियाई हैं और IPL के तुरंत बाद एशेज होनी है। इसलिए उनकी उपलब्धता पर संदेह है।” चोपड़ा ने कहा कि अब यह बाद में पता चलेगा कि ग्रीन को रिटेन करना KKR के लिए सही फैसला था या नहीं। यह भी देखना होगा कि वह कितनी गेंदबाजी करते हैं और कितने मैचों के लिए उपलब्ध रहते हैं। उन्होंने कहा, “कैमरन ग्रीन को अक्सर चोट लगती रहती है।” रहाणे के जाने से अंगकृष रघुवंशी को मौका 2007 T20 वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे इरफान पठान ने KKR के रिलीज किए खिलाड़ियों पर भी बात की। पठान ने कहा कि टीम के रिलीज किए खिलाड़ियों में कोई बड़ा सरप्राइज नहीं है। अजिंक्य रहाणे के टीम में नहीं होने से अंगकृष रघुवंशी को ओपनिंग का मौका मिल सकता है। उन्होंने कहा, “अगर KKR रघुवंशी से ओपनिंग कराना चाहती है, तो रहाणे के जाने से चीजें आसानी से व्यवस्थित हो सकती हैं।” पठान ने कहा कि पिछले साल गेंदबाजी से बाहर रहने के बाद हर्षित राणा ने फिटनेस हासिल कर ली है। इससे KKR की गेंदबाजी मजबूत होगी। उन्होंने कहा, “अगर KKR को अच्छा कप्तान मिल जाता है, तो उसका आगामी सीजन पिछले सीजन से काफी बेहतर हो सकता है।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User