दीपावली पर गुलजार हुआ आतिशबाजी बाजार:अलीगढ़ में 15 करोड़ के पटाखों के धूमधड़ाके का अनुमान, दो दिन से खरीदारों की भीड़

Nov 07, 2026 - 19:11
0
दीपावली पर गुलजार हुआ आतिशबाजी बाजार:अलीगढ़ में 15 करोड़ के पटाखों के धूमधड़ाके का अनुमान, दो दिन से खरीदारों की भीड़
दीपावली पर आतिशबाजी का शोर इस बार भी बाजारों में गूंजने को तैयार है। अलीगढ़ में पटाखों की खरीदारी ने रफ्तार पकड़ ली है। शहर के नुमाइश मैदान में सजा आतिशबाजी बाजार खरीदारों से गुलजार है। यहां करीब 300 से 400 दुकानें लगी हैं। पिछले दो दिनों से बाजार में जबरदस्त खरीदारी हो रही है। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, इस दीपावली पर अकेले अलीगढ़ शहर में 10 से 15 करोड़ रुपये की आतिशबाजी बिक सकती है, जबकि पूरे जिले का कारोबार करीब 20 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, पिछले साल के मुकाबले इस बार बिक्री में करीब 20 से 25 फीसदी तक गिरावट बताई जा रही है। थोक विक्रेता सादाब के मुताबिक, इस बार कारोबार पिछले साल की तुलना में करीब 25 फीसदी कम है। इसकी प्रमुख वजह पिछले साल दो दिन दीपावली मनाया जाना है। उस दौरान दो दिनों तक आतिशबाजी की मांग बनी रही थी। इस बार बिक्री में थोड़ी कमी के बावजूद बाजार में खरीदारी अच्छी चल रही है। स्काई शॉट से लेकर तेज धमाके वाले बम तक की मांग इस बार बाजार में आतिशबाजी की कई नई वैरायटी आई हैं। स्काई शॉट के नए डिजाइन, रंग-बिरंगे रॉकेट, तेज आवाज वाले बम, अनार और फुलझड़ियां खरीदारों को आकर्षित कर रही हैं। इसके अलावा कॉक, मुर्गा और अलग-अलग ब्रांड के पटाखों की भी बिक्री हो रही है। दुकानदारों के मुताबिक, बच्चे रंगीन आतिशबाजी पसंद कर रहे हैं, जबकि युवाओं में आसमान को रोशनी से भर देने वाले स्काई शॉट का क्रेज है। रात में और बढ़ेगी बाजार की रौनक नुमाइश मैदान के दुकानदार दीपक ठाकुर का कहना है कि पिछले साल की तुलना में बिक्री में कुछ गिरावट जरूर है, लेकिन बाजार में अच्छी खरीदारी हो रही है। दिनभर खरीदार पहुंच रहे हैं और शाम होते ही भीड़ और बढ़ जाती है। उम्मीद है कि दीपावली तक अच्छी बिक्री होगी। दुकानदार प्रत्यक्ष पंडित के मुताबिक, पिछले साल दो दिन दीपावली होने से आतिशबाजी की बिक्री अधिक हुई थी। इस बार भी बाजार में अच्छी ग्राहकी है। नए-नए प्रकार के पटाखे और स्काई शॉट आए हैं। अगले दो से तीन दिन तक दुकानें लगी रहेंगी। आज रात और दीपावली के दिन भी खरीदारों की भीड़ रहने की उम्मीद है। तीन कारोबारियों के तीन अहम इनपुट - सादाब, थोक विक्रेता: पिछले साल के मुकाबले करीब 25 फीसदी बिक्री कम है। पिछले साल दो दिन दीपावली होने से कारोबार ज्यादा हुआ था। - दीपक ठाकुर, दुकानदार: बिक्री में थोड़ी गिरावट है, लेकिन नुमाइश मैदान में अच्छी ग्राहकी है। दिनभर खरीदार पहुंच रहे हैं। -प्रत्यक्ष पंडित, दुकानदार: बाजार में नए ब्रांड और नई वैरायटी के पटाखे उपलब्ध हैं। अगले दो-तीन दिन अच्छी बिक्री की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User