रूस में नौकरी के लिए गया युवक लापता:टेलीग्राम पर 4 लाख की मांग, पैसे न देने पर युद्ध में भेजने या सिर काटने की धमकी

Nov 20, 2026 - 10:00
0
रूस में नौकरी के लिए गया युवक लापता:टेलीग्राम पर 4 लाख की मांग, पैसे न देने पर युद्ध में भेजने या सिर काटने की धमकी
कानपुर में विदेश में अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी का सपना दिखाकर पनकी के युवक को रूस भेज दिया गया। वहां पहुंचने के बाद शुरुआत में परिवार से उसकी लगातार बातचीत होती रही, लेकिन अचानक उसका संपर्क टूट गया। अब युवक के परिजन से उसकी सलामती के नाम पर चार लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। टेलीग्राम पर संपर्क करने वाले व्यक्ति ने रुपये न देने पर युवक को युद्ध में भेजने या उसका सिर काटकर भेजने की धमकी दी है। बेटे के लापता होने और फिरौती की धमकी मिलने से परिवार दहशत में है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से बेटे की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है। पनकी के रतनपुर कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय सोहन पाल बाइक धुलाई सेंटर चलाते थे। उनकी बहन खुशबू पाल के मुताबिक, सोहन की दुकान पर दो स्थानीय युवक और एक अन्य युवक अक्सर आता था। इनमें से एक खुद को पुलिस कांस्टेबल बताता था। तीनों ने सोहन को रूस में कार चालक की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। अच्छी तनख्वाह मिलने की बात कहकर उसे विदेश जाने के लिए तैयार कर लिया। सोहन का पासपोर्ट पहले से बना हुआ था, इसलिए विदेश जाने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी हो गई। 11 अक्टूबर को लखनऊ एयरपोर्ट छोड़ने गए थे तीनों युवक परिवार के मुताबिक, 11 अक्टूबर को तीनों युवक सोहन को लखनऊ एयरपोर्ट छोड़ने गए थे। वहां से वह दिल्ली पहुंचा और फिर फ्लाइट से रूस की राजधानी मॉस्को चला गया। 15 अक्टूबर को सोहन ने यूनला से फोन कर परिवार को बताया कि वह नौकरी पर पहुंच गया है। इसके बाद करीब 4 नवंबर तक परिवार की उससे रोजाना बातचीत होती रही। वह वीडियो कॉल के जरिए भी घरवालों से बात करता था। शुरुआती बातचीत में उसने किसी तरह की परेशानी नहीं बताई थी। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा विदेश में नौकरी करके घर की आर्थिक स्थिति बेहतर करेगा। आरोपी के खाते में भेजे थे 46 हजार रुपये बहन खुशबू के मुताबिक, रूस पहुंचने के दौरान सोहन ने 46 हजार रुपये एक आरोपित युवक के बैंक खाते में भेजे थे। बाद में यह रकम उसके बड़े भाई ओमजीत के खाते में ट्रांसफर की गई। परिवार के अनुसार, इस लेनदेन के बाद भी सोहन से बातचीत होती रही, लेकिन 4 नवंबर के बाद अचानक उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। कई बार फोन लगाने के बावजूद संपर्क नहीं हो सका। परिवार ने सोहन को रूस भेजने वाले तीनों युवकों से उसके बारे में जानकारी मांगी, लेकिन आरोप है कि वे स्पष्ट जवाब देने के बजाय टालमटोल करते रहे। टेलीग्राम पर मिली चार लाख रुपये देने की धमकी इसके बाद आरोपित युवक के बताए अनुसार सोहन के भाई के दोस्त ने टेलीग्राम पर सातोशी नाम के अकाउंट से संपर्क किया। आरोप है कि वहां से चार लाख रुपये की मांग की गई। साथ ही धमकी दी गई कि रकम नहीं देने पर सोहन को युद्ध में भेज दिया जाएगा या उसका सिर काटकर परिवार को भेज दिया जाएगा। यह धमकी सुनकर परिवार के लोग सहम गए। उन्हें आशंका है कि सोहन रूस में किसी मुसीबत में फंस गया है और उसकी जान को खतरा हो सकता है। चौकी से डीएम तक लगा चुके हैं चक्कर सोहन की मां हंसमुखी पाल बेटे की सलामती को लेकर बेहद परेशान हैं। परिवार का कहना है कि वे बेटे की तलाश और सुरक्षित वापसी के लिए पुलिस चौकी से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें बेटे के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। परिवार का आरोप है कि सोहन को विदेश भेजने वाले तीनों युवकों को पूरे मामले की जानकारी है। इसके बावजूद वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। बेटे की तलाश में परेशान परिवार ने अब सोशल मीडिया का सहारा लिया है। वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने और रूस में फंसे सोहन पाल की सुरक्षित वापसी कराने की मांग की है। परिवार को डर है कि कहीं फिरौती मांगने वाले लोग बेटे के साथ कोई अनहोनी न कर दें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User