शाह ने यूपी चुनाव के लिए तय किए 3 मुद्दे:बोले-यूपी में 2027 चुनाव बाद UCC कराएंगे; अखिलेश को बाबू कहकर घेरा
गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यूपी विधानसभा चुनाव-2027 का रोडमैप तैयार कर दिया। 30 अक्टूबर, 1992 में हुए अयोध्या गोली कांड का जिक्र कर संकेत दिए कि भाजपा विकास, राष्ट्रवाद और यूनीफॉर्म सिविल कोड (UCC) को प्रमुख मुद्दा बनाएगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ही चुनाव में चेहरा होंगे। वहीं, सपा को घेरने के लिए कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, अराजकता और मुस्लिम तुष्टिकरण जैसे मुद्दे उठाने पर जोर रहा। शाह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्हें पार्टी का असली मालिक बताया। उन्होंने कहा- सरकार का काम अपनी जगह है, लेकिन चुनाव में कार्यकर्ताओं का पराक्रम और परिश्रम सबसे महत्वपूर्ण होता है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी प्रधानमंत्री मोदी की सफलता के पीछे कार्यकर्ताओं की मेहनत को अहम बताया। लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में हुई बैठक में शाह ने करीब 2,850 पदाधिकारियों को 37 मिनट तक संबोधित किया। बैठक में तय हुआ कि भाजपा नवंबर-दिसंबर में बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इसके तहत पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत केंद्रीय नेतृत्व के यूपी दौरे और जनसभाएं प्रस्तावित हैं। शाह के भाषण के 5 बड़े सियासी मायने 1. नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने की कोशिश की अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को 'मालिक' और 'देवतुल्य' कहा। बोले - "सारी नाराजगी, गिले-शिकवे आज ही गोमती में डाल दो। सरकार और नेता नहीं, सिर्फ कार्यकर्ता चुनाव जिताता है।" 2022 के बाद संगठन में जो खींचतान और अफसरशाही की शिकायतें थीं, शाह ने उसे सीधे एड्रेस किया। उनके इस मैसेज को संगठन के भीतर नाराजगी और कार्यकर्ताओं की शिकायतों को दूर करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। 2. राम मंदिर के मुद्दे पर सपा को घेरा राम मंदिर से जुड़े आरोपों और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच शाह ने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने तत्कालीन मुलायम सिंह यादव सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा- सपा किस मुंह से सरकार बनाने की बात करती है। शाह ने कहा, “आपने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, हमने राम मंदिर बनाया।” इस बयान के जरिए उन्होंने राम मंदिर के मुद्दे पर सपा को घेरने की कोशिश की। 3. UCC को बनाया चुनावी मुद्दा शाह ने ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने पर यहां भी समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी। यह बयान 2027 के चुनाव के लिए पार्टी के प्रमुख मुद्दों में शामिल हो सकता है। भाजपा इसे समान कानून और अपने वैचारिक एजेंडे से जोड़कर पेश कर सकती है। 4. ‘अंगद का पांव’ बताकर कार्यकर्ताओं में भरा भरोसा शाह ने यूपी में भाजपा की स्थिति को ‘अंगद के पांव’ जैसा बताते हुए कहा कि पार्टी को कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने 2017 में भाजपा की जीत और 2022 के चुनाव में मिले वोट प्रतिशत का जिक्र किया। शाह ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अगले 30 साल तक यूपी में सरकार नहीं बना पाएगी। वहीं, राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर उन्होंने संसद में चर्चा की चुनौती दी। 5. मिशन-2027 के साथ 2029 की तैयारी का भी संदेश शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा - "कमर कस लो, मन में से सारे भाव को निकालकर अर्जुन की तरह चिड़िया की एक आंख ही दिखाई पड़नी चाहिए। अब समय है UP में प्रचंड बहुमत से तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का।'' शाह ने कार्यकर्ताओं से ‘गंगोत्री से गंगासागर तक भगवा’ और नरेंद्र मोदी के चौथी बार प्रधानमंत्री बनने की बात भी कही। इन बयानों को 2027 के विधानसभा चुनाव के साथ 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं को यह संकेत भी दिया कि 2027 के चुनाव का चेहरा योगी होंगे, पूरा चुनावी अभियान मोदी-शाह ही लीड करेंगे। संगठन की कमान भी शाह के हाथों में होगी। बैठक में क्या रणनीति बनी, जानिए भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कार्यसमिति की बैठक में चुनावी तैयारियों का खाका रखा। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को नवंबर-दिसंबर के कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां सौंपीं। 1. छह क्षेत्रों में निकलेगी लोकतंत्र बचाओ यात्रा भाजपा प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बड़ी पदयात्राएं निकालेगी। हर यात्रा में करीब 25 हजार या इससे अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। इसकी शुरुआत 3 नवंबर को लखनऊ और बरेली से होगी। 4 नवंबर को प्रयागराज और गोरखपुर क्षेत्र में कार्यक्रम होंगे, जबकि 5 नवंबर को गाजियाबाद में यात्रा निकाली जाएगी। 2. नए वोटरों पर रहेगा खास फोकस पार्टी की चुनावी रणनीति में मतदाता सूची को भी अहम जगह दी गई है। दिवाली के बाद विशेष अभियान चलाकर नए मतदाताओं के नाम जुड़वाए जाएंगे। इसमें खास तौर पर युवा और महिला वोटरों पर ध्यान रहेगा। नए मतदाताओं के ऑनलाइन फॉर्म-6 भरवाने में पार्टी कार्यकर्ता मदद करेंगे। 3. हर बूथ पर पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए भाजपा प्रदेश के 1,918 संगठनात्मक मंडलों में 25-25 सक्रिय कार्यकर्ताओं की पहचान करेगी। इसके अलावा हर मतदान केंद्र पर पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम बनाई जाएगी। विधानसभा स्तर के प्रभारी और विस्तारक शक्ति केंद्रों पर संगठन की स्थिति का आकलन करेंगे। 4. युवा, महिला और लाभार्थियों तक पहुंचेगी पार्टी भाजपा 18 से 21 साल के युवाओं के लिए 200 स्थानों पर युवा सम्मेलन करेगी। सभी मंडलों में पहली बार वोट डालने वाले युवाओं के सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा महिला और युवा मतदाताओं के लिए छोटी बैठकें होंगी। पार्टी किसान, सहकारी समितियों के सदस्यों और छोटे कारोबारियों से भी संपर्क करेगी। बैठक के बाद मंत्री-सांसदों ने क्या कहा, जानिए… राज्यसभा सांसद प्रियंका रावत ने कहा, प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिला। अब सोशल मीडिया के जरिए पार्टी को अपने काम जनता तक पहुंचाने हैं। विपक्ष बेवजह माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है। सरकार जनता के लिए काम करती है और जनता ही सर्वोपरि है। मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा- अमित शाह ने भाजपा सरकार को उत्तर प्रदेश में ‘अंगद का पांव’ बताया है। उन्होंने कहा कि इस अंगद के पांव को कोई उखाड़ या हटा नहीं सकता, चाहे कितनी भी बड़ी ताकत क्यों न आ जाए। मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा- विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में लगातार तीसरी बार सरकार बनी है, उसी तरह योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी में भी भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी। अब बात विपक्ष की… सपा सांसद अवधेश बोले- यूपी में UCC शाह की एक कल्पना है अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने यूपी में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह केवल कल्पना और दिवास्वप्न है। धर्मेंद्र बोले- भाजपा की बातों पर अब कोई भरोसा नहीं करता सपा नेता धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भी 400 पार का नारा दिया था। यूपी की सभी 80 सीटें जीतने का दावा भी किया था, लेकिन पार्टी की बातों पर अब कोई भरोसा नहीं करता। उन्होंने हाल में आए एमएलसी चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अगर बेईमानी नहीं होती तो सपा 10 सीटें और एक निर्दलीय उम्मीदवार जीतता। इमरान मसूद ने कहा- पुराने एजेंडे नहीं, काम चाहिए कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा कि भाजपा के सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के पुराने एजेंडे से अब लोगों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। लोग इससे ऊब चुके हैं। उन्हें बातें नहीं, काम चाहिए। *************** यह खबर भी पढ़िए:- अखिलेश गुस्से में बोले- स्वामी प्रसाद की बात न करो:कांग्रेस का जवाब- यह उनकी राय, INDIA गठबंधन को मजबूत करने वालों का स्वागत सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा- स्वामी प्रसाद मौर्य हमारे गठबंधन में शामिल नहीं हैं। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब दैनिक भास्कर ने मौर्य के इंडिया गठबंधन में शामिल होने से जुड़ा सवाल किया, तो अखिलेश भड़क गए। गुस्से में बोले कि हमारी सीटों में शामिल नहीं हो सकते। अवॉइड करो। इग्नोर करो। पढ़ें पूरी खबर…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)