शामली शुगर मिल में पेराई रुकी:5 घंटे सड़क पर खड़े रहे किसान, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और बुग्गियों की लगी कतार, शहर में लगा जाम
शामली की त्रिवेणी शुगर मिल में शुक्रवार को गन्ने की कमी के चलते नो केन की स्थिति बन गई। इससे गन्ना लेकर पहुंचे किसानों को परेशानी उठानी पड़ी। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और बुग्गियों की शहर की सड़कों पर लंबी कतार लग गई। किसानों को 4 से 5 घंटे तक तौल शुरू होने का इंतजार करना पड़ा। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भी जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। सुबह 5:30 बजे पूरी हुई पेराई मिल कर्मचारियों के अनुसार, गुरुवार को मिल में करीब 26 हजार क्विंटल गन्ना आया था। इसकी पेराई शुक्रवार सुबह 5:30 बजे तक पूरी हो गई। इसके बाद गन्ने की कमी के कारण मिल में नो केन की स्थिति बन गई और पेराई बंद करनी पड़ी। शुक्रवार 13 नवंबर को दोपहर 3 बजे मिल दोबारा शुरू किया गया। इसके बाद गन्ने की आवक शुरू होने पर पेराई भी शुरू कर दी गई। घंटों इंतजार के बाद भी नहीं हुई तौल किसानों का कहना था कि मिल चालू होने के दूसरे ही दिन नो केन की स्थिति बनने से उनकी परेशानी बढ़ गई। गन्ने की तौल बंद होने के कारण उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली और बुग्गियों के साथ सड़क पर घंटों खड़ा रहना पड़ा। इससे शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। किसानों ने मांग की कि मिल में गन्ने की नियमित उपलब्धता और तौल व्यवस्था सुचारु रखी जाए, ताकि उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)