प्रयागराज में 15 नवंबर को निकलेगी हेरिटेज कार रैली:30 से ज्यादा विंटेज कारें होंगी शामिल, पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया दिखाएंगे हरी झंडी
प्रयागराज में रविवार, 15 नवंबर को हेरिटेज कार रैली निकलेगी। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट-321 ई की ओर से आयोजित रैली में प्रयागराज, जौनपुर और आसपास के जिलों की 30 से ज्यादा हेरिटेज कारें शामिल होंगी। रैली सुबह 8:30 बजे आकाशवाणी भवन के पास से शुरू होगी। पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया हरी झंडी दिखाकर कारों को रवाना करेंगे। रैली चैथम लाइंस स्थित गुलाटी गेस्ट हाउस पहुंचेगी, जहां समापन और पुरस्कार वितरण समारोह होगा। आयोजकों के मुताबिक, प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम और सबसे ज्यादा सजी कार समेत अलग-अलग श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। पूर्व मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी विजेताओं को पुरस्कार देंगी। सबसे अच्छी तरह सजी कार की श्रेणी में 10 कार चालकों को सम्मानित किया जाएगा। रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र भी दिए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि रैली का उद्देश्य प्रयागराज की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी और आम लोगों से जोड़ना है। इसके जरिए शहर के ऐतिहासिक स्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों की जानकारी दी जाएगी। रैली के जरिए लायंस इंटरनेशनल के सामाजिक सेवा कार्यों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इससे जरूरतमंद लोग संस्था की सेवाओं और योजनाओं के बारे में जान सकेंगे। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट-321 ई के फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर उमेश चंद्र कक्कड़ ने बताया कि आयोजन के जरिए शहर की विरासत दिखाने और सामाजिक सेवा में लोगों की भागीदारी बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)