सहारनपुर में बाइक एंबुलेंस सेवा शुरू:भीड़भाड़ वाले इलाकों में घायलों तक जल्द पहुंचेगी मेडिकल टीम, मिलेगी प्राथमिक सहायता

Oct 27, 2026 - 11:50
0
सहारनपुर में बाइक एंबुलेंस सेवा शुरू:भीड़भाड़ वाले इलाकों में घायलों तक जल्द पहुंचेगी मेडिकल टीम, मिलेगी प्राथमिक सहायता
सहारनपुर शहर में सड़क हादसों में घायल होने वाले लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोशनी आई बैंक एवं धर्मार्थ चिकित्सालय सोसाइटी और रोशनी मानव सेवा ट्रस्ट ने बाइक एंबुलेंस सेवा शुरू की है। मंगलवार सुबह 10 बजे हुई इस पहल से भीड़भाड़ वाले इलाकों और संकरी सड़कों पर हादसे के शिकार लोगों तक कम समय में पहुंचकर प्राथमिक उपचार देने में मदद मिलेगी। बाइक एंबुलेंस का शुभारंभ आरटीओ मंडल के शंकर सिंह, एसएसपी अभिनंदन और सीओ सदर विकास प्रताप सिंह चौहान की मौजूदगी में किया गया। सामान्य एंबुलेंस को कई बार जाम और संकरी सड़कों के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी होती है। ऐसे में घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिल पाती। इसी समस्या को देखते हुए संस्था ने बाइक एंबुलेंस सेवा शुरू करने की पहल की है। बाइक के जरिए आपातकालीन परिस्थितियों में घटनास्थल तक जल्दी पहुंचा जा सकेगा और जरूरतमंदों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। यह सेवा विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों के लिए मददगार साबित हो सकती है। इसके अलावा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में भी पीड़ितों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाएगा। मेडिकल उपकरणों और प्राथमिक उपचार सामग्री से लैस संस्था की ओर से तैयार बाइक एंबुलेंस में आपातकालीन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मेडिकल उपकरण और प्राथमिक उपचार सामग्री रखी गई है। इसके साथ ही नीली-लाल इमरजेंसी लाइट और हूटर की व्यवस्था की गई है, जिससे जरूरत पड़ने पर यातायात के बीच से निकलकर घटनास्थल तक पहुंचने में सहायता मिल सके। शुभारंभ के अवसर पर अधिकारियों ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने जनसेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए जरूरतमंदों और सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद के उद्देश्य की प्रशंसा की। कार्यक्रम में रोशनी आई बैंक एवं धर्मार्थ चिकित्सालय सोसाइटी के अध्यक्ष सूरज जैन, उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, कोषाध्यक्ष डॉ. ए.के. सिंह,रोशनी मानव सेवा ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल तलूजा और रमन पुंडीर,सचिव सिया,अश्वनी कुमार राठौर,सुशील जैन और कमल जैन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि मानव जीवन की रक्षा और जरूरतमंदों की सहायता करना उनका प्रमुख उद्देश्य है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User