सहारनपुर में चंद्रशेखर–ओवैसी की लंच डिप्लोमेसी:दलित-मुस्लिम गठजोड़ के सहारे पश्चिमी यूपी में नई जमीन तलाशने की कोशिश, 26 नवंबर को लखनऊ की महारैली में दिखेगी मोर्चे की ताकत

Nov 21, 2026 - 06:02
0
सहारनपुर में चंद्रशेखर–ओवैसी की लंच डिप्लोमेसी:दलित-मुस्लिम गठजोड़ के सहारे पश्चिमी यूपी में नई जमीन तलाशने की कोशिश, 26 नवंबर को लखनऊ की महारैली में दिखेगी मोर्चे की ताकत
पश्चिमी यूपी की राजनीति में शनिवार को छुटमलपुर में होने वाली एक मुलाकात के सियासी मायने दूर तक देखे जा रहे हैं। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद एक साथ भोजन करेंगे। चंद्रशेखर के आवास पर होने वाला यह कार्यक्रम भले ही लंच के रूप में आयोजित किया गया हो, लेकिन इसके राजनीतिक संदेश को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों नेताओं का साथ आना सिर्फ दो राजनीतिक दलों की नजदीकी नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच एक साझा राजनीतिक विकल्प खड़ा करने की कोशिश भी माना जा रहा है। दरअसल, ओवैसी और चंद्रशेखर सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के तहत राजनीतिक साझेदारी की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में छुटमलपुर की मुलाकात को दोनों दलों के बीच तालमेल मजबूत करने और आगामी चुनाव की रणनीति पर बातचीत के महत्वपूर्ण अवसर के तौर पर देखा जा रहा है। इस मुलाकात के बाद 26 नवंबर को लखनऊ में प्रस्तावित महारैली भी अहम हो जाती है। लखनऊ का मंच इस बात का संकेत दे सकता है कि दोनों नेता अपने गठबंधन को केवल राजनीतिक घोषणा तक सीमित रखते हैं या इसे प्रदेशव्यापी संगठन और चुनावी अभियान का रूप देने की तैयारी में हैं। कलेक्ट्रेट में मस्जिद प्रकरण भी बन सकता है मुलाकात का मुद्दा ओवैसी के कार्यक्रम के अनुसार, वह सहारनपुर पहुंचने के बाद कलेक्ट्रेट जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर आजाद भी उनके साथ रहेंगे और दोनों नेता मस्जिद प्रकरण को लेकर डीएम से मुलाकात कर सकते हैं। इसके बाद ओवैसी छुटमलपुर स्थित चंद्रशेखर के आवास पर पहुंचेंगे। दोपहर करीब ढाई बजे दोनों नेता एक साथ भोजन लंच करेंगे। कलेक्ट्रेट से लेकर छुटमलपुर तक का यह कार्यक्रम राजनीतिक और सामाजिक, दोनों स्तरों पर संदेश देने वाला हो सकता है। बसपा की पुरानी जमीन पर नए राजनीतिक दावे की तैयारी इस मुलाकात का सबसे महत्वपूर्ण पहलू इसका स्थान है। छुटमलपुर बेहट विधानसभा क्षेत्र में आता है, जो प्रदेश की पहली विधानसभा सीट है। यह इलाका राजनीतिक रूप से भी खास पहचान रखता है। सहारनपुर जिला लंबे समय तक बसपा की मजबूत राजनीतिक जमीन रहा है। मायावती का हरोड़ा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक चुना जाना और जिले में बसपा का प्रभाव इस क्षेत्र की दलित राजनीति की ऐतिहासिक ताकत को दर्शाता है। अब इसी क्षेत्र में ओवैसी और चंद्रशेखर का एक साथ आना कई राजनीतिक संकेत दे रहा है। चंद्रशेखर की राजनीति का प्रमुख आधार दलित समाज के अधिकार और सामाजिक न्याय के मुद्दे रहे हैं, जबकि ओवैसी मुस्लिम समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और हिस्सेदारी की बात करते रहे हैं। दोनों की राजनीतिक ताकत और सामाजिक आधार अलग-अलग होने के बावजूद उनके बीच गठजोड़ की संभावना पश्चिमी यूपी में एक नए समीकरण की जमीन तैयार कर सकती है। सहारनपुर के साथ मुजफ्फरनगर, शामली और बिजनौर जैसे जिलों में दलित और मुस्लिम मतदाताओं की संख्या और राजनीतिक भागीदारी चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की क्षमता रखती है। ऐसे में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा इन दोनों वर्गों को साझा राजनीतिक मंच पर लाकर अपनी ताकत बढ़ाना चाहता है। हालांकि, सामाजिक आधार को चुनावी वोटों में बदलना आसान नहीं होगा। इसके लिए स्थानीय स्तर पर संगठन, मजबूत प्रत्याशी, कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल और दोनों दलों के समर्थकों का एक-दूसरे के साथ स्वीकार्य होना जरूरी होगा। पीडीए के सामने तीसरे राजनीतिक विकल्प की चुनौती इस गठजोड़ के सामने सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती समाजवादी पार्टी का पीडीए समीकरण भी है। अखिलेश यादव पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एक साथ जोड़कर अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। ऐसे में सामाजिक परिवर्तन मोर्चे को यह साबित करना होगा कि वह दलित और मुस्लिम समाज को केवल चुनावी गठजोड़ के रूप में नहीं, बल्कि राजनीतिक हिस्सेदारी और नेतृत्व के नए विकल्प के रूप में जोड़ सकता है। दूसरी ओर बसपा का पारंपरिक दलित वोट बैंक भी इस पूरे समीकरण में महत्वपूर्ण रहेगा। मायावती की राजनीतिक विरासत और संगठन का प्रभाव अभी भी पश्चिमी यूपी की राजनीति में एक बड़ा कारक है। चंद्रशेखर के सामने अपनी अलग पहचान को मजबूत करने के साथ दलित मतदाताओं के बीच व्यापक स्वीकार्यता हासिल करने की चुनौती है। वहीं ओवैसी को भी अपने राजनीतिक प्रभाव को मुस्लिम बहुल इलाकों से आगे बढ़ाकर अन्य सामाजिक वर्गों तक पहुंचाने की जरूरत होगी। लखनऊ की महारैली से तय होगी गठबंधन की दिशा छुटमलपुर की मुलाकात को 26 नवंबर की लखनऊ महारैली की भूमिका के तौर पर भी देखा जा रहा है। इस रैली में दोनों नेताओं की एकजुटता, साझा मुद्दे और राजनीतिक संदेश महत्वपूर्ण होंगे। रैली के जरिए मोर्चा अपनी ताकत का प्रदर्शन करने के साथ यह भी बताने की कोशिश कर सकता है कि उसकी रणनीति केवल कुछ सीटों तक सीमित नहीं, बल्कि प्रदेश की राजनीति में एक अलग विकल्प खड़ा करने की है। फिलहाल छुटमलपुर में होने वाला लंच 2027 के चुनाव का परिणाम तय नहीं करेगा, लेकिन यह जरूर स्पष्ट कर सकता है कि ओवैसी और चंद्रशेखर की साझेदारी कितनी गंभीर और दूरगामी है। असली परीक्षा सीटों के बंटवारे, स्थानीय नेतृत्व, संगठनात्मक विस्तार और वोटों के वास्तविक हस्तांतरण में होगी। इसलिए छुटमलपुर की टेबल पर होने वाली बातचीत का राजनीतिक असर लखनऊ के मंच से लेकर 2027 के चुनावी मैदान तक देखा जा सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User