सहारनपुर में चुनावी तैयारियों के लिए 234 सेक्टर अधिकारी तैनात:प्रशिक्षण से 33 सेक्टर और एक जोनल अधिकारी रहे गैरहाजिर, DM ने मांगा जवाब
सहारनपुर में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में प्रत्येक मतदाता बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके, इसके लिए जिले में वल्नरेबिलिटी मैपिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी संबंध में सोमवार शाम 6 बजे पाइनवुड स्कूल में सेक्टर ऑफिसर और पुलिस सेक्टर ऑफिसरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार चौहान और एसएसपी अभिनन्दन ने अधिकारियों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए जिम्मेदारियां सौंपीं। प्रशिक्षण में अधिकारियों को बताया गया कि वल्नरेबिलिटी मैपिंग का मुख्य उद्देश्य ऐसे मतदाताओं और मतदाता समूहों की पहचान करना है, जिन्हें मतदान के दौरान किसी व्यक्ति, समूह या परिस्थिति के कारण डराए जाने अथवा प्रभावित किए जाने की आशंका है। इसके लिए गांव, मजरे और क्षेत्रवार ऐसे मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा। साथ ही उन व्यक्तियों की भी पहचान की जाएगी, जो मतदान के दौरान भय या दबाव का माहौल पैदा कर सकते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक और कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन और मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं की जांच के लिए जिले में 22 जोनल ऑफिसर, 234 सेक्टर ऑफिसर और 234 पुलिस सेक्टर ऑफिसर तैनात किए गए हैं। सभी सेक्टर अधिकारियों को अपने आवंटित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वल्नरेबिलिटी मैपिंग के साथ एएमएफ (न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाओं) की भी जांच करनी होगी। इसके तहत मतदान स्थलों पर उपलब्ध जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों की अनुपस्थिति भी सामने आई। नामित 234 सेक्टर अधिकारियों में से 33 और 22 जोनल अधिकारियों में से एक अधिकारी प्रशिक्षण में नहीं पहुंचे। वहीं आरक्षित सूची में शामिल एक जोनल अधिकारी और नौ सेक्टर अधिकारी भी अनुपस्थित रहे। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए सभी अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके खिलाफ प्रतिकूल संज्ञान लिया जा सकता है। प्रशिक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक, एडीएम प्रशासन, एसडीएम बेहट, नकुड़, देवबंद, रामपुर मनिहारान और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)