सहारनपुर में खनन गाड़ी निकालने की मांगने पर FIR:विरोध पर चालक से मारपीट कर लूटे 16 रुपए, ईंट-पत्थर मारकर कार का पिछला शीशा तोड़ा
सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र में रेत-बजरी की गाड़ियों को रास्ते से निकालने के बदले महीना मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को पत्रकार बताने वाले एक व्यक्ति ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर गाड़ी चालक से पहले रास्ते से वाहन निकालने के एवज में रकम वसूली। इसके बाद जब चालक ने दोबारा पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसका पीछा कर कार पर ईंट-पत्थर बरसाए। कार का पिछला शीशा तोड़ दिया और चालक के साथ मारपीट कर जेब से 16,800 रुपए निकाल लिए। जान से मारने की धमकी देकर तीनों मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर नकुड़ थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो महीने पहले से कर रहा था पैसों की मांग मानकमऊ निवासी मुर्ताजिम पुत्र यासीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रेत-बजरी के कारोबार से जुड़ा है और उसकी गाड़ियां चलती हैं। करीब दो महीने पहले उसकी गाड़ियां हरियाणा के यमुनानगर स्थित 15 नंबर खान से ग्राम नसरुल्लागढ़ के रास्ते अलग-अलग स्थानों पर जाती थीं। इसी दौरान नसरुल्लागढ़ निवासी आबिद ने उससे संपर्क किया। आरोप है कि आबिद खुद को पत्रकार बताता था और उसने रास्ते से गाड़ियां निकालने के बदले हर महीने पैसे देने का दबाव बनाया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने दबाव बनाकर उससे 7 हजार रुपए नकद और 3 हजार रुपए फोन-पे के माध्यम से लिए। 3 हजार रुपए का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन 4 नवंबर 2026 को दानिश के मोबाइल नंबर पर कराया गया। इसके अलावा करीब दो महीने पहले भी आबिद ने 5 हजार रुपए फोन-पे के जरिए और 2 हजार रुपए नकद लिए थे। इस तरह पीड़ित का आरोप है कि आरोपी पहले भी उससे कुल 17 हजार रुपए वसूल चुका था। पैसे देने से इनकार किया तो किया पीछा मुर्ताजिम ने बताया कि 10 नवंबर की रात करीब 11:15 बजे वह यमुनानगर से अपनी क्विड कार (HR60H9963) में सवार होकर नसरुल्लागढ़ के रास्ते घर लौट रहा था। शुक्रताल गांव के पास रास्ते में आबिद अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर पहुंचा और उसकी गाड़ी रुकवाकर दोबारा महीने के पैसे मांगने लगा। मुर्ताजिम ने पैसे देने से इनकार कर दिया और अपनी कार लेकर वहां से आगे बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद आबिद और उसके दोनों साथी मोटरसाइकिल से कार का पीछा करने लगे। उन्होंने पीछे से कार पर ईंट-पत्थर मारने शुरू कर दिए। इससे कार का पिछला शीशा पूरी तरह टूट गया। शीशा टूटने के बाद चालक ने गाड़ी रोकी तो तीनों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जेब से 16,800 रुपए निकालकर दी जान से मारने की धमकी पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी जेब से जबरन 16,800 रुपए निकाल लिए। इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी देते हुए तीनों मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मुर्ताजिम ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने नकुड़ थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आबिद और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)