भाजपा ने विधानसभा सीटों पर नियुक्त किए प्रभारी:अलीगढ़ के नेताओं को दूसरे जिलों की सीटों की जिम्मेदारी, बाहर के नेताओं को सौंपी अलीगढ़ की कमान
चुनावी तैयारियों की सरगर्मियों के बीच भाजपा ने संगठन को मजबूत करने और विधानसभा स्तर पर चुनावी रणनीति को धार देने के लिए ब्रज क्षेत्र के विधानसभा प्रभारियों की नई सूची जारी की है। इसमें अलीगढ़ की सातों विधानसभा सीटों पर नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। खास बात यह है कि पार्टी ने अलीगढ़ की सीटों पर स्थानीय नेताओं के बजाय दूसरे जिलों के नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, अलीगढ़ के सात नेताओं को भी दूसरे जिलों की विधानसभा सीटों का प्रभारी बनाकर संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई है। बाहर के नेताओं को अलीगढ़ की कमान भाजपा की नई सूची के मुताबिक, अलीगढ़ जिले की खैर विधानसभा सीट पर सचिन उपाध्याय, बरौली में भरत राजपूत, अतरौली में रूपेश उपाध्याय, छर्रा में केपी सिंह सोलंकी और इगलास में महीपाल सिंह को प्रभारी बनाया गया है। वहीं, कोल विधानसभा सीट पर रामजीलाल और अलीगढ़ विधानसभा सीट पर हरिशंकर राणा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस तरह जिले और महानगर की सभी सातों सीटों पर बाहरी नेताओं को संगठन की कमान दी गई है। अलीगढ़ के नेताओं को दूसरे जिलों में जिम्मेदारी दूसरी ओर, अलीगढ़ के रहने वाले भाजपा नेताओं को भी ब्रज क्षेत्र और आसपास के जिलों की विधानसभा सीटों पर प्रभारी बनाकर भेजा गया है। इनमें सुनील पांडेय को सिकंदराराऊ, देवराज सिंह को सादाबाद, सत्या सिंह को गोवर्धन, हरिशंकर गौड़ को बलदेव, मानव महाजन को मांट, रीता राजपूत को फिरोजाबाद और अवध बघेल को एटा विधानसभा सीट की जिम्मेदारी दी गई है। संगठनात्मक मजबूती पर फोकस पार्टी की ओर से जारी सूची प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की सहमति से घोषित की गई है। नवनियुक्त प्रभारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाने और पार्टी की चुनावी तैयारियों को मजबूत करने की जिम्मेदारी मिलेगी। चुनाव से पहले भाजपा का यह संगठनात्मक फेरबदल महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)