वाराणसी की हवा हुई जहरीली, AQI 315 पहुंचा:निर्माण कार्यों की धूल भी बढ़ा रही प्रदूषण, DM ने दी सख्त चेतावनी
काशी में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन शहर की हवा लोगों की सेहत बिगाड़ रही है। गुरुवार सुबह वाराणसी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 315 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर से लोगों को सांस संबंधी परेशानियों का खतरा बढ़ गया है। खासकर अस्थमा और सांस के मरीजों को सतर्क रहने की जरूरत है। सुबह शहर का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार 5 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि आर्द्रता 70 फीसदी रिकॉर्ड की गई। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में फिलहाल बारिश से प्रदूषण को राहत मिलने के आसार नहीं हैं। पटाखों के साथ निर्माण कार्यों की धूल भी बनी मुसीबत शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण के पीछे पटाखों के अलावा अनियोजित खुदाई और निर्माण कार्यों को भी बड़ी वजह माना जा रहा है। जगह-जगह चल रहे निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल हवा की गुणवत्ता को और खराब कर रही है। इसको लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कार्यदायी संस्थाओं और निर्माण एजेंसियों की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी चेतावनी दी है। DM ने एजेंसियों के साथ की बैठक डीएम ने स्पष्ट कहा है कि सभी निर्माणस्थलों पर निर्धारित मानकों का पालन किया जाए। निर्माण कार्यों के दौरान धूल नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ जुर्माने समेत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फेफड़ों तक पहुंच रहे धूल और खनिजों के सूक्ष्म कण पर्यावरणविदों के मुताबिक, अनियोजित निर्माण और बेतरतीब खुदाई से निकलने वाली धूल में सिलिका और विभिन्न भू-रासायनिक खनिजों के बेहद महीन कण मौजूद होते हैं। ये कण हवा में घुलकर सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। इससे अस्थमा, सांस लेने में परेशानी और आंखों व गले में जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)