लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव में छठे दिन सांस्कृतिक उत्सव:पहाड़ी उत्पादों के स्टॉलों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की, कवियों ने सुनाईं रचनाएं
लखनऊ के गोमती नदी के किनारे चल रहा 14 दिवसीय उत्तराखंड महोत्सव छठे दिन अपने पूरे रंग में नजर आया। महोत्सव में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। हस्तशिल्प और पहाड़ी उत्पादों के स्टॉलों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। बाजार में आसानी से नहीं मिलने वाले विशिष्ट उत्पादों की उपलब्धता ने भी लोगों को आकर्षित किया। भीड़ से स्टॉल संचालक उत्साहित नजर आए। छपेली प्रस्तुति पर झूमे दर्शक महोत्सव में झोड़ा प्रतियोगिता, डांस उत्तराखंड डांस सीजन-5, नाचेगा भारत सीजन-3, वॉयस ऑफ उत्तराखंड और छपेली लोक नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। विभिन्न दलों ने अगले राउंड में जगह बनाने के लिए शानदार प्रस्तुतियां दीं। विकासनगर, खरगापुर, गोमती नगर, मायापुरी और तेलीबाग के प्रतिभागियों ने झोड़ा नृत्य से तालियां बटोरीं। डांस उत्तराखंड डांस के तीन दलों की सामूहिक छपेली प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। स्टार नाइट में उत्तराखंड की प्रसिद्ध नृत्यांगना साक्षी काला ने मनमोहक प्रस्तुति दी। उनके लोकगीतों और नृत्य ने दर्शकों का मनोरंजन किया। कविताओं में दिखी पहाड़ की संस्कृति कवि सम्मेलन की अध्यक्षता हरिश्चंद्र पंत ने की, जबकि संचालन पूरन सिंह जीना ने किया। प्रियंका बिष्ट की सरस्वती वंदना से शुरुआत हुई। कैलाश सिंह, पान सिंह, धन सिंह मेहता अनजान, नारायण दत्त पाठक और घनानंद पांडेय मेघ ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। बाल दिवस पर लोरी और कुमाऊंनी कविताओं ने विशेष आकर्षण बढ़ाया। अतिथियों का स्वागत, तीन विभूतियां सम्मानित इफको के राज्य विपणन प्रबंधक यतेन्द्र कुमार तेवतिया ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महापरिषद ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया। इस अवसर पर नारायण दत्त पाठक को मनोहर श्याम जोशी स्मृति सम्मान, मथुरा दत्त पंत को हीरा सिंह राणा स्मृति सम्मान और सुंदर पाल सिंह को मोहन सिंह बिष्ट स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)