गोरखपुर स्टेशन पर GRP-RPF अलर्ट:CCTV से हो रही निगरानी; 3 ट्रेनों में हुई चेकिंग, सादे ड्रेस में जवान तैनात

Nov 15, 2026 - 06:13
0
गोरखपुर स्टेशन पर GRP-RPF अलर्ट:CCTV से हो रही निगरानी; 3 ट्रेनों में हुई चेकिंग, सादे ड्रेस में जवान तैनात
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ को अलर्ट कर दिया गया है। स्टेशन के चप्पे चप्पे पर सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। वहीं भीड़ के बीच में सादे ड्रेस में आरपीएफ और जीआरपी के जवान घूम रहे हैं। शनिवार को एसपी रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सभी प्लेटफॉर्म, होल्डिंग एरिया, पार्किंग, वेटिंग हॉल और सर्कुलेटिंग एरिया का जायजा लिया। इस दौरान सत्याग्रह एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस और बाघ एक्सप्रेस में सघन चेकिंग भी कराई गई। एसपी रेलवे ने छठ स्पेशल ट्रेनों में स्कॉर्ट लगाने और संदिग्ध व्यक्तियों व सामान पर नजर रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी रेलवे ने जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने कहा कि छठ के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ती है। ऐसे में यात्रियों को आने-जाने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनकी सुरक्षा और सामान की निगरानी के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और जरूरत के अनुसार अलग-अलग शिफ्ट में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। महिला और बुजुर्ग यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान एसपी रेलवे ने महिला यात्रियों, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला सहायता डेस्क और हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्री तुरंत मदद ले सकें। इसके अलावा प्रवेश और निकास द्वार, फुट ओवरब्रिज, टिकट घर, यात्री प्रतीक्षालय और होल्डिंग एरिया में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। सीसीटीवी से होगी निगरानी, डॉग स्क्वायड भी रहेगा सक्रिय स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों और ज्वलनशील वस्तुओं पर नजर रखने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया। एसपी रेलवे ने आरपीएफ के साथ समन्वय बनाकर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की मदद लेने को भी कहा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण के लिए अलर्ट रहने और दंगा नियंत्रण उपकरणों को तैयार रखने के निर्देश दिए। निर्माण कार्य वाले स्थानों पर भी रहेगी पुलिस की ड्यूटी रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य को देखते हुए यात्रियों के आवागमन और सुरक्षा के लिए अलग-अलग पॉइंट बनाकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने को कहा गया। इसके साथ ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और सिविल प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर रैन बसेरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और पूछताछ केंद्र की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। होल्डिंग एरिया की भी सघन चेकिंग कराई गई। तीन ट्रेनों में कराई गई चेकिंग निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर खड़ी ट्रेन नंबर 15274 सत्याग्रह एक्सप्रेस, 15707 आम्रपाली एक्सप्रेस और 13020 बाघ एक्सप्रेस की सघन चेकिंग कराई गई। एसपी रेलवे ने जीआरपी थाना प्रभारी को यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों से सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने को कहा। साथ ही छठ के दौरान चलने वाली सभी स्पेशल ट्रेनों में पुलिस स्कॉर्ट तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों की यात्रा सुरक्षित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User