शहीद सूबेदार की बेटी ने उत्पीड़न की शिकायत की:उन्नाव में अधिकारी पर लगाया आरोप, न्याय दिलाने के लिए आंदोलन का ऐलान
उन्नाव में सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में तैनात शहीद सूबेदार की बेटी ने कथित उत्पीड़न की शिकायत की है। मंगलवार दोपहर भारतीय किसान यूनियन (सावित्री) के पदाधिकारियों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि 25 नवंबर 2026 तक न्याय नहीं मिला तो जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। स्क्वाड्रन लीडर पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप ज्ञापन के मुताबिक, शहीद सूबेदार राम शंकर द्विवेदी की बेटी पूनम सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि कार्यालय में तैनात स्क्वाड्रन लीडर मधु मिश्रा उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान कर रही हैं। कार्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के माध्यम से भी परेशान किए जाने की शिकायत की गई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पूनम को कार्यालय में काम नहीं दिया जाता और जरूरी पत्र उपलब्ध नहीं कराए जाते। उनके काम में रुकावटें डाली जाती हैं। उन्हें बाथरूम में बंद करने जैसी घटनाएं होने का भी आरोप लगाया गया है। पूनम ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 15 साल से एक ही जिले में तैनाती का आरोप संगठन ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी करीब 15 साल से एक ही जिले में तैनात हैं और उनके कार्यकाल में मनमानी हो रही है। भारतीय किसान यूनियन (सावित्री) के प्रदेश अध्यक्ष पवन शुक्ला ने कहा कि संगठन पूनम को न्याय दिलाने के लिए अभियान चलाएगा। कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद उनकी बात नहीं सुनी गई है। कार्रवाई नहीं हुई तो लखनऊ तक करेंगे पैदल मार्च संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित अधिकारी का तत्काल तबादला करने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की है। पवन शुक्ला ने कहा कि 25 नवंबर तक कार्रवाई नहीं हुई तो जिलाधिकारी कार्यालय के सामने आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद भी न्याय नहीं मिला तो संगठन के कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट से लखनऊ के कालिदास मार्ग तक पैदल मार्च करेंगे और मुख्यमंत्री को पूरे मामले की जानकारी देंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)