श्रावस्ती में बोलेरो की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत:पोता उछलकर दूर गिरा तो बची जान; 80 की रफ्तार में थी गाड़ी
श्रावस्ती के गिलौला क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने ई-रिक्शा में साइड से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद किशोर पोता बाल-बाल बच गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया और बोलेरो पलट गई। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रविवार सुबह 11 बजे पुलिस ने बताया कि परिवार की तहरीर पर बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। पोते ने बताया- 80 की रफ्तार से आ रही थी बोलेरो हादसे में सुरक्षित बचे किशोर ने बताया कि बोलेरो करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही थी। उसने ई-रिक्शा में साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह उछलकर आगे जा गिरा, जिससे उसकी जान बच गई। ई-रिक्शा पेड़ से टकराया, बोलेरो पलटी गिलौला कस्बा निवासी पारसनाथ मौर्य सोमवार शाम करीब 6 बजे अपने बेटे सुरेंद्र मौर्य और घर के एक किशोर के साथ जानकीनगर खुर्द से ई-रिक्शा पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिसवारा-गिलौला मार्ग पर अंधेरे में सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ई-रिक्शा सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया, जबकि बोलेरो पलट गई। हादसे में पारसनाथ की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र को सीएचसी गिलौला से मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया। मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। पारसनाथ की दो दुकानों से चलता था परिवार स्थानीय लोगों के मुताबिक, पारसनाथ के चार बेटे थे। मृतक सुरेंद्र अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। दोनों अभी पढ़ाई कर रहे हैं। गिलौला बाजार में पारसनाथ की दो दुकानें थीं। इन्हीं से परिवार का खर्च चलता था। हादसे में पिता-पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बोलेरो चालक के खिलाफ केस दर्ज हादसे के बाद बोलेरो चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पारसनाथ के बेटे हरिश्चंद्र की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चालक फूलचंद निवासी मोहनीपुर, थाना इकौना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)