सिक्योरिटी एजेंसी संचालक ने गार्डों को अगवा कर बंधक बनाया:पूर्व सुपरवाइजर की तलाश में वारदात, मारपीट कर कार में बैठाया, चार गिरफ्तार

Nov 21, 2026 - 14:20
0
सिक्योरिटी एजेंसी संचालक ने गार्डों को अगवा कर बंधक बनाया:पूर्व सुपरवाइजर की तलाश में वारदात, मारपीट कर कार में बैठाया, चार गिरफ्तार
लखनऊ के महानगर की गीता कुंज सोसाइटी से सिक्योरिटी गार्ड का अपहरण करने वाले सिक्योरिटी एजेंसी संचालक समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने तीन सुरक्षा गार्डों को अलग-अलग स्थानों से अगवा कर जानकीपुरम स्थित लक्ष्मण मंडपम के पास एक कमरे में बंधक बना रखा था। पुलिस ने तीनों को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी गार्डों से अपनी एजेंसी में पहले काम कर चुके तेज बहादुर और पूर्व सुपरवाइजर प्रवीण कुमार के बारे में जानकारी हासिल करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने तीनों को अगवा किया और जानकारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर शनिवार सुबह रामराम बैंक चौराहे के पास कार सवार चार संदिग्धों को घेरकर पकड़ लिया गया। इनकी पहचान राहुल कुमार वर्मा, विश्वनाथ सिंह, दीपक वर्मा और देशराज के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जानकीपुरम स्थित लक्ष्मण मंडपम के पास आईकॉन अस्पताल के नजदीक पहली मंजिल के कमरे से तीनों गार्डों को बरामद किया। चारों को शनिवार सुबह 8:22 बजे गिरफ्तार किया गया। बकाया रकम को लेकर हुआ था विवाद पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी राहुल कुमार वर्मा ने बताया कि वह नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी चलाता है। विश्वनाथ सिंह और देशराज उसकी एजेंसी में सुपरवाइजर हैं, जबकि दीपक उसका रिश्तेदार है। एजेंसी में पहले तेज बहादुर गार्ड और प्रवीण कुमार सुपरवाइजर के पद पर काम करते थे। 20 नवंबर को बकाया रकम के लेन-देन को लेकर तेज बहादुर और प्रवीण का राहुल के कार्यालय और घर पर विवाद हुआ था। इसके बाद प्रवीण ने दूसरी सिक्योरिटी एजेंसी में काम शुरू कर दिया। इसी विवाद के बाद आरोपी दोनों की तलाश कर रहे थे। तीन जगहों से गार्डों को उठाया पुलिस के मुताबिक, आरोपी विज्ञानपुरी स्थित गीता कुंज कॉलोनी पहुंचे। वहां ड्यूटी कर रहे आशीष सिंह से तेज बहादुर और प्रवीण के बारे में पूछताछ की। जानकारी नहीं मिलने पर उसके साथ मारपीट की और जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया। इसके बाद समृद्धि अपार्टमेंट, रामराम बैंक चौराहे से सुरेंद्र कुमार मिश्रा और ताड़ीखाना रोड स्थित शादाब इलेक्ट्रॉनिक्स के पास से भूपेंद्र शुक्ला को भी अगवा कर लिया। तीनों को जानकीपुरम स्थित एक कमरे में बंद कर दिया गया। आरोपियों ने उन्हें धमकी दी कि जब तक प्रवीण और तेज बहादुर के बारे में जानकारी नहीं देंगे, तब तक उन्हें बंधक बनाकर रखा जाएगा। कार, मोबाइल और जेवर बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल निसान मैग्नाइट कार, चार एंड्रॉयड मोबाइल, दो पर्स, तीन कलाई घड़ियां, दो सफेद धातु की अंगूठियां, एक सफेद धातु का कड़ा और एक राखी बरामद की है। मुख्य आरोपी राहुल की नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए भी पुलिस ने रिपोर्ट भेजी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User