BSP राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद 29 नंवबर को करेंगे जनसभा:कानपुर के बिल्हौर में विधानसभा प्रत्याशी का करेंगे ऐलान

Oct 30, 2026 - 12:56
0
BSP राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद 29 नंवबर को करेंगे जनसभा:कानपुर के बिल्हौर में विधानसभा प्रत्याशी का करेंगे ऐलान
कानपुर में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद 29 नवंबर को बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा करेंगे। रामसहाय इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान बिल्हौर विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी के नाम का ऐलान भी कर सकते हैं। इसके अलावा जिले की कुछ अन्य विधानसभा सीटों पर भी प्रत्याशियों की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है। बसपा ने जनसभा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। कानपुर जिलाध्यक्ष कुलदीप कुमार के मुताबिक, जनसभा में मुख्य रूप से बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र की जनता को बुलाया जाएगा। फिलहाल करीब 5 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। आकाश आनंद के आगमन को लेकर पार्टी पदाधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। 2012 में मायावती ने भी इसी कॉलेज में की थी जनसभा बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र में बसपा की यह जनसभा राजनीतिक लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है। फरवरी 2012 में बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी रामसहाय इंटर कॉलेज में जनसभा की थी। उस दौरान उन्होंने बिल्हौर सीट से कमलेश दिवाकर को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया था। अब एक बार फिर इसी कॉलेज में जनसभा होने जा रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि आकाश आनंद भी इस बार बिल्हौर से प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर सकते हैं। भाजपा विधायक राहुल बच्चा सोनकर के सामने बढ़ेगी चुनौती बिल्हौर विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित है। वर्तमान में यहां से भाजपा के राहुल बच्चा सोनकर विधायक हैं। वहीं, मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद अंजू बाला भी बिल्हौर में सक्रिय नजर आ रही हैं। बीते दिनों अंजू बाला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी। उन्होंने साफ किया था कि वह विधानसभा चुनाव जरूर लड़ेंगी, हालांकि किस पार्टी से चुनाव मैदान में उतरेंगी, इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है। ऐसे में आकाश आनंद की प्रस्तावित जनसभा और प्रत्याशी की घोषणा से बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र का सियासी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User