सीतापुर में हवाई-हमले का अलर्ट:जीआईसी मैदान में मॉकड्रिल के दौरान ब्लैकआउट
सीतापुर के जीआईसी मैदान में रविवार को नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारियों को परखने के लिए प्रतीकात्मक मॉक एक्सरसाइज का आयोजन रविवार शाम 6 बजे किया गया। इसमें काल्पनिक हवाई हमले ड्रोन-मिसाइल अटैक की सूचना मिलते ही प्रशासन और विभिन्न विभागों की टीमों के सक्रिय होने का अभ्यास कराया गया। इस दौरान ब्लैकआउट से लेकर आग बुझाने, मलबे में दबे लोगों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। अभ्यास के तहत जीआईसी परिसर में सायंकालीन कार्यक्रम के दौरान अचानक हवाई हमले की सूचना मिलने का काल्पनिक परिदृश्य तैयार किया गया। नागरिक सुरक्षा कंट्रोल रूम से रेड अलर्ट जारी होते ही स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित टीमों को तत्काल सूचना देकर सक्रिय किया गया। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ब्लैकआउट कराया गया और सुरक्षा व बचाव कार्य शुरू किए गए। मॉकड्रिल में हवाई हमले के बाद कुछ स्थानों पर आग लगने, भगदड़ मचने और भवन के हिस्सों में लोगों के दबे होने की स्थिति दिखाई गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष सिंह के निर्देशन में पहुंची दमकल टीम ने आग बुझाने का अभ्यास किया। वहीं नागरिक सुरक्षा की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम ने मलबे और क्षतिग्रस्त हिस्सों में फंसे 4 से 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रदर्शन किया। इसके बाद घायलों को प्राथमिक उपचार देकर एंबुलेंस के जरिए ग्रीन कॉरिडोर बनाते हुए निर्धारित जिला अस्पताल तक पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। इसमें गंभीर घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। मॉक एक्सरसाइज के दौरान फर्स्ट एड, फायर रिस्पांस, रेस्क्यू, कम्युनिकेशन और नॉर्मल लाइफ रिस्टोरेशन टीमों ने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। संचार व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, घटनास्थल की घेराबंदी और आपातकालीन सेवाओं के बीच तालमेल के साथ सभी टीमों का रिस्पॉन्स टाइम भी परखा गया। एसडीएम सदर डॉ जनार्दन कुमार ने बताया कि इस मॉकड्रिल का उद्देश्य आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और जान-माल के नुकसान को कम करने की तैयारियों का आकलन करना रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)