सोनभद्र में गणेश-लक्ष्मी पूजा के बाद आतिशबाजी:रॉबर्ट्सगंज समेत जिले के बाजारों और कस्बों में दिखी दीपावली की रौनक
सोनभद्र में रोशनी और खुशियों का पर्व दीपावली हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों और प्रतिष्ठानों में त्योहार की तैयारियां शुरू हो गई थीं। शाम होते ही घर, दुकानें और बाजार दीपों व रंग-बिरंगी झालरों से जगमगा उठे। लोगों ने विधि-विधान से भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद आतिशबाजी का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। रॉबर्ट्सगंज नगर के मुख्य बाजार, मेन चौक, धर्मशाला चौक और बढ़ौली चौराहे समेत प्रमुख इलाकों में दीपावली की खास रौनक देखने को मिली। लोगों ने घरों के मुख्य द्वार पर दीपक जलाए और रंगोली सजाई। मकानों की छतों, बालकनियों और दुकानों पर लगी रंगीन झालरों से पूरा शहर रोशनी से नहा उठा। शुभ मुहूर्त में परिवार के लोगों ने एक साथ बैठकर गणेश-लक्ष्मी की पूजा की। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों में बही-खातों और धन की पूजा कर कारोबार में तरक्की की कामना की। पूजा के बाद बच्चों और युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की। फुलझड़ी और अनार के साथ रंग-बिरंगे पटाखों से आसमान देर रात तक रोशन रहा। दीपावली पर लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर मिठाइयां बांटी और शुभकामनाएं दीं। बाजारों में भी देर शाम तक चहल-पहल बनी रही। रेनुकूट, अनपरा, दुद्धी, चोपन, ओबरा, घोरावल और शक्तिनगर समेत जिले के अन्य कस्बों में भी दीपावली की धूम रही। दीपों की रोशनी, पूजा-पाठ और आतिशबाजी के बीच पूरा सोनभद्र त्योहार के उल्लास में डूबा नजर आया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)