सपा प्रदेश अध्यक्ष का आरोप:MLC चुनाव में भाजपा वोटों की डकैती की फिराक में, डिप्टी सीएम प्रयागराज में डेरा डाले
इलाहाबाद-झांसी स्नातक खंड एमएलसी चुनाव के मतदान की घड़ी नजदीक आते ही सियासत में उबाल आ गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने बुधवार को प्रयागराज में एक प्रेसवार्ता कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सत्ता के नशे में चूर भाजपा इस चुनाव को जीतने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। वह खुलेआम वोटों की डकैती कराने की फिराक में है। डिप्टी सीएम प्रयागराज में डेरा डाले हैं। वह अफसरों पर दबाव बना रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता एक-एक वोट की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे और मतदान से लेकर मतगणना से पूरी मुस्तैदी से लगे रहेंगे। डिप्टी सीएम पर अफसरों को प्रभावित करने का आरोप
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि उपमुख्यमंत्री खुद प्रयागराज में डेरा डाले हुए हैं। उनका एकमात्र उद्देश्य प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर अनुचित दबाव बनाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारी और विद्यालय प्रबंधक शिक्षकों एवं मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए खुलेआम धमका रहे हैं, जो सीधे तौर पर चुनावी आचार संहिता और लोकतंत्र का घोर अपमान है। एक-एक वोट की रखवाली करेंगे सपाई
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने आशंका जताई कि सत्ता पक्ष प्रशासनिक मशीनरी के साथ मिलकर मतदान से लेकर मतगणना तक भारी गड़बड़ी और धांधली करने की साजिश रच रहा है। उन्होंने ऐलान किया कि सपा इन मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी। पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद हैं। मतदान के दिन पोलिंग बूथ से लेकर अंतिम मतों की गिनती तक एक-एक वोट की कड़ी रखवाली की जाएगी। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। कहा कि आज ऐसा प्रतीत होता है कि चुनाव आयोग भाजपा की गोद में बैठकर काम कर रहा है। यदि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी नहीं कराए गए, तो देश से लोकतंत्र का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा। जनता का समर्थन न मिलने के कारण ही भाजपा अब जबरन और साजिश के बल पर जीत हासिल करना चाहती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)