ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहा मूर्ति-विसर्जन, घाटों पर पुलिस मुस्तैद:मां कामाख्या धाम में 25 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

Oct 21, 2026 - 17:36
0
ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहा मूर्ति-विसर्जन, घाटों पर पुलिस मुस्तैद:मां कामाख्या धाम में 25 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
अयोध्या जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार दोपहर से दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में करीब एक हजार प्रतिमाओं का विसर्जन किए जाने का अनुमान है। वहीं, सैकड़ों स्थानों पर आयोजित भंडारों में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा है। मिल्कीपुर, रुदौली और सोहावल क्षेत्र की अधिकांश प्रतिमाओं का विसर्जन गोमती नदी सहित निर्धारित घाटों पर कराया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस के साथ अमेठी और सुल्तानपुर पुलिस, स्थानीय गोताखोर तथा एसडीआरएफ की टीम को भी लगाया गया है। पिछले वर्ष मूर्ति विसर्जन के दौरान नदी में डूबने से एक युवक की मौत होने के बाद प्रशासन इस बार विशेष सतर्कता बरत रहा है। प्रतिमाओं का विसर्जन निगरानी में नावों के माध्यम से कराया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। उधर, गोमती नदी के पावन तट पर स्थित सिद्धपीठ मां कामाख्या धाम में प्रसिद्ध समाजसेवी एवं समाजवादी पार्टी के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष अनित शुक्ल की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी दो दिवसीय भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार, करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और मां कामाख्या के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। अनित शुक्ल धार्मिक आयोजनों के साथ जरूरतमंदों की सहायता और सर्दियों में कंबल वितरण जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं। भंडारे में पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी उर्फ रुश्दी मियां, सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव, शाह मसूद हयात गजाली मियां और फरीद अहमद बाबा सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। एक ओर घाटों पर प्रतिमा विसर्जन और दूसरी ओर भंडारों में श्रद्धालुओं की भीड़ से ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे दिन धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User