सपा विधायक रामखिलाड़ी यादव ने धीरेंद्र शास्त्री को नसीहत दी:राम-श्रीकृष्ण की तुलना करना ठीक नहीं, दोनों विष्णु के अवतार
संभल में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद अब गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक रामखिलाड़ी यादव ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर नाराजगी जताई है। विधायक ने कहा कि भगवान राम और श्रीकृष्ण, दोनों भगवान विष्णु के अवतार हैं और सनातन धर्म में दोनों का समान महत्व है। ऐसे में एक को सीधा और दूसरे को टेढ़ा बताकर तुलना करना ठीक नहीं है। मंगलवार को दोपहर करीब 12:30 बजे विधायक रामखिलाड़ी यादव ने नगर पंचायत बबराला के इंदिरा चौक स्थित अपने आवास पर प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि सभी सनातनी भगवान राम और श्रीकृष्ण को समान रूप से पूजते हैं। जब धरती पर अत्याचार और अधर्म बढ़ा, तब भगवान विष्णु ने अलग-अलग रूपों में अवतार लेकर धर्म की स्थापना की। भगवान राम और श्रीकृष्ण भी उन्हीं के स्वरूप हैं। धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले बयान न दें विधायक ने कहा कि दोनों को भगवान मानने की परंपरा है और उनके बीच भेदभाव नहीं करना चाहिए। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी यही बात कही है। धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोगों में अनावश्यक बयान देने का चलन बढ़ रहा है। आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी का प्रचार करने वाले कुछ साधु-संत, संन्यासी और ब्रह्मचारी अपने बयानों से समाज में विभाजन पैदा कर रहे हैं। विधायक ने धीरेंद्र शास्त्री के शब्दों की निंदा करते हुए कहा कि धार्मिक व्यक्तित्वों को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए, जिनसे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हों और समाज में विभाजन पैदा हो। कल्कि अवतार की मान्यता का किया जिक्र संभल की धार्मिक महत्ता का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि मान्यता है कि भगवान विष्णु का अगला अवतार श्रीकल्कि इसी धरती पर होगा। उन्होंने कहा कि ईश्वर एक है, ओम एक है और प्रकृति सत्य है। धर्म के नाम पर लोगों को बांटने के बजाय आपसी सद्भाव और एकता का संदेश देना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)