सहारनपुर में अधिवक्ताओं ने जताया आक्रोश:कालपी के वकील के परिवार को 1.5 करोड़ मुआवजा देने की मांग, CM के नाम ज्ञापन सौंपा
सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन ने मंगलवार को वकीलों की सुरक्षा और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। दोपहर एक बजे एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम डीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें कालपी के अधिवक्ता गयादीन अहिरवार की हत्या के आरोपियों पर कार्रवाई और उनके परिवार को 1.5 करोड़ रुपये देने की मांग की गई। 3 नवंबर को दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि कालपी अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार का 31 अक्टूबर को अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। एसोसिएशन ने इस घटना पर आक्रोश जताया। पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में वकीलों की हत्या, लूटपाट और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल रही है। ज्ञापन में चार मांगें रखी गईं। पहली, गयादीन अहिरवार की हत्या के आरोपियों पर कार्रवाई कर उन्हें अधिकतम सजा दिलाई जाए। दूसरी, उनके परिवार को 1.5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और एक आश्रित को सरकारी नौकरी दी जाए। तीसरी, प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट जल्द लागू किया जाए। चौथी, कचहरी परिसर में हथियार लेकर आने वालों की सख्ती से जांच हो और असलहा ले जाने पर पूरी तरह रोक लगे। अधिवक्ता अशोक पुंडीर ने कहा कि अधिवक्ताओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता अपनी बात कलम और कागज के जरिए रखते हैं। अगर वे निर्भीक होकर न्याय और पीड़ितों का पक्ष नहीं रख पाएंगे, तो न्याय व्यवस्था कमजोर होगी। उन्होंने पुलिस के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिवक्ताओं को पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल रही है। अशोक पुंडीर ने कहा कि डॉक्टरों की तरह अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए भी एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट तुरंत लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता अपने मुवक्किल का पक्ष रखते हैं और गरीबों व कमजोर लोगों की आवाज बनते हैं। उनके मुताबिक, बेहतर सुरक्षा से आम लोगों को सुलभ, सस्ता और बेहतर न्याय मिल सकेगा। महासचिव पालम राणा एडवोकेट के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान अशोक कुमार पुंडीर, चौधरी रणधीर सिंह, जमाल साबरी, राकेश त्यागी, कादिर राणा और अरुण चौधरी समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)