सरकारी नौकरी के नाम पर 9.23 लाख की ठगी:बिजनौर में तीन लोगों से 9.23 लाख रुपए लिए, रकम वापस मांगने पर मारपीट का आरोप
बिजनौर में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन लोगों से 9 लाख 23 हजार 560 रुपए लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम लेने के बाद भी नौकरी नहीं लगवाई गई। पैसे वापस मांगने पर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया गया। टिंकू कुमार की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विदेश से लेकर कई सरकारी विभागों में नौकरी का झांसा किरतपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी टिंकू कुमार के मुताबिक, करीब सात महीने पहले सलीम पुत्र शमीम ने उनसे संपर्क किया था। सलीम ने पहले विदेश में नौकरी दिलाने की बात कही। इसके बाद आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, ग्राम पंचायत विभाग, जल विभाग और होमगार्ड में सीधी नियुक्ति कराने का भरोसा दिया। आरोप है कि सलीम ने दिल्ली और लखनऊ के सरकारी विभागों में सीधे संपर्क होने का दावा किया। उसने बिना विज्ञापन और मेरिट के आधार पर नौकरी लगवाने की बात कही। इसके लिए प्रत्येक नौकरी के बदले 8 लाख रुपए मांगे। टिंकू ने अपनी पत्नी अनुराधा, साले आकाश और परिचित कपिल के नौकरी संबंधी दस्तावेज भी उसे दे दिए। गूगल पे, फोन-पे और नकद में दिए 9.23 लाख शिकायत के मुताबिक, 9 मार्च से 5 अगस्त 2026 के बीच सलीम के खाते में गूगल पे से 1 लाख 71 हजार 460 रुपए भेजे गए। उसके भाई शाहनवाज के खाते में फोन-पे से 3 लाख 72 हजार 100 रुपए ट्रांसफर किए गए। सलीम के साथी वसीम को 80 हजार रुपए नकद दिए गए। वहीं, कपिल से जलालपुर काजी में 3 लाख रुपए नकद लिए गए। इस तरह कुल 9 लाख 23 हजार 560 रुपए दिए गए। पैसे मांगने पर दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी टिंकू का आरोप है कि नौकरी नहीं लगने पर उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो तीनों टालमटोल करने लगे। सलीम ने पैसे मांगने पर झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। घर पहुंचने पर मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप टिंकू के मुताबिक, 6 अक्टूबर को वह अपने साथी शानू और अनुज के साथ सलीम के घर पहुंचे। वहां शाहनवाज, अनस और शाकिर ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया गया। पुलिस ने टिंकू की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)