तीन दिवसीय नाट्य समारोह का समापन:‘द टनल’ ने मजदूरों की बेबसी और सामाजिक असमानता को मंच पर दिखाया
प्रयागराज के मुट्ठीगंज स्थित स्टूडियो थिएटर में चल रहे तीन दिवसीय नाट्य समारोह का सोमवार को नाटक ‘द टनल’ के मंचन के साथ समापन हुआ। समारोह के आखिरी दिन नाटक के दोनों शो दर्शकों से भरे रहे। नाटक में सुरंग में फंसे मजदूरों की कहानी के जरिए समाज की असमानता, भ्रष्टाचार और सत्ता तंत्र की विसंगतियों को प्रभावशाली ढंग से पेश किया गया। समारोह का आयोजन एक्स-ट्रा एन ऑर्गनाइजेशन और ‘बहता नीर’ ने संयुक्त रूप से किया। इसमें ‘कम्युनिटी थिएटर टोंक’ ने सहयोग किया। नाटक सोनू यादव ने लिखा और अजीत बहादुर ने निर्देशन किया। मजदूरों की घुटन और बेबसी को किया जीवंत नाटक में हरमेंद्र सरताज ने सुपरवाइजर विक्की मुनीम, चांदनी निषाद ने जियोलॉजिस्ट अनुपमा और राज सिंह ने वरिष्ठ मजदूर दद्दू की भूमिका निभाई। हीर ने वेल्डर संजू, ऋषभ ने युवा मजदूर आर्यन और आवेग जायसवाल ने ड्रिल ऑपरेटर मंजीत सिंह का किरदार निभाया। कलाकारों ने सुरंग के भीतर फंसे मजदूरों की घुटन, आक्रोश और बेबसी को मंच पर जीवंत कर दिया। प्रियांशु शुक्ला ने संगीत, आर्यन ने प्रकाश व्यवस्था और आशीष पाल ने मंच सज्जा की जिम्मेदारी संभाली। मंच पर सुरंग जैसा माहौल तैयार किया गया, जिससे दर्शकों को कहानी के बीच होने का एहसास हुआ। सुरंग का अंधेरा समाज की विसंगतियों का प्रतीक समापन समारोह के मुख्य अतिथि, रंग समीक्षक और वरिष्ठ रंगकर्मी आलोक पराड़कर ने नाटक की कहानी और परिकल्पना की सराहना की। उन्होंने कहा कि मजदूरों के संवादों के जरिए मौजूदा समय की सामाजिक विसंगतियों को सामने लाना चुनौतीपूर्ण था, जिसे नाटककार ने कुशलता से प्रस्तुत किया। नाटक में धार्मिक और जातिगत असमानता, सत्ता और कॉर्पोरेट के गठजोड़ से पैदा होने वाला भ्रष्टाचार और नौकरशाही में घूसखोरी जैसे मुद्दे उठाए गए। पराड़कर ने मंच सज्जा की तारीफ करते हुए कहा कि इससे दर्शकों को सुरंग के भीतर होने का एहसास होता है। हालांकि, उन्होंने प्रकाश व्यवस्था में सुधार की गुंजाइश भी बताई। दर्शकों ने कलाकारों से पूछे सवाल नाटक के बाद हुई परिचर्चा में रितिक ने कहा कि नाटक का अंधेरा सिर्फ सुरंग का नहीं, बल्कि इस सदी की चकाचौंध के बीच मौजूद सामाजिक अंधेरे का प्रतीक है। मीनाक्षी ने कहा कि नाटक देखते समय ऐसा महसूस होता है, जैसे दर्शक खुद सुरंग के भीतर हों। मंचन के बाद दर्शकों ने कलाकारों और निर्देशक से सवाल पूछे और अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान वरिष्ठ रंगकर्मी प्रवीण शेखर समेत साहित्यकार, रंगप्रेमी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)