आजमगढ़ में 2 घंटे में हुई 9151 वाहनों की जांच:60 गाड़ियों को किया गया सीज, ट्रिपलिंग करने वाले 548 बाइकों का चालान
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के निर्देशन में वाराणसी जोन के सभी नौ जनपदों में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान में पुलिस ने कुल 34,355 वाहनों की जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 9,988 और दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने वाले 2,779 चालकों का चालान किया गया। वहीं, 188 वाहनों को सीज करते हुए 22 लाख 85 हजार 700 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
इस अभियान के दौरान पुलिस की टीमों ने प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सघन चेकिंग की। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। आजमगढ़ में 60 वाहन सीज
जनपदवार कार्रवाई में आजमगढ़ में सबसे अधिक 9,151 वाहनों की जांच की गई। यहां बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 2,309 और तीन सवारी बैठाने पर 548 चालान किए गए। इसके अलावा 60 वाहनों को सीज किया गया और सात हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया। 165 अन्य मामलों में भी कार्रवाई की गई। जौनपुर में 6,805 वाहनों की जांच जांच के दौरान 2,714 बिना हेलमेट और 346 तीन सवारी के चालान किए गए। यहां 52 वाहन सीज किए गए। मऊ में 4,687 वाहनों की जांच कर 1,683 बिना हेलमेट और 437 तीन सवारी के चालान किए गए तथा 18 वाहन सीज हुए। इसी तरह गाजीपुर में 2,932, चंदौली में 2,229 और बलिया में 2,730 वाहनों की जांच की गई। मीरजापुर में 3,556 वाहनों की जांच कर 13 वाहन सीज किए गए। सोनभद्र में 948 वाहनों की जांच के साथ दो वाहन सीज हुए, जबकि भदोही में 1,317 वाहनों की जांच की गई। मीरजापुर में सबसे अधिक शमन शुल्क वसूली
शमन शुल्क वसूली के मामले में मीरजापुर 13 लाख 61 हजार 200 रुपये के साथ पहले स्थान पर रहा। भदोही में 7 लाख 36 हजार रुपये और सोनभद्र में एक लाख 22 हजार रुपये वसूले गए। अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)