ऑटो सवार महिला का पर्स झपटने वाला मुठभेड़ में गिरफ्तार:इटावा में पुलिस की गोली दाहिने पैर में लगी; चोरी की बाइक और तमंचा

Nov 16, 2026 - 09:47
0
ऑटो सवार महिला का पर्स झपटने वाला मुठभेड़ में गिरफ्तार:इटावा में पुलिस की गोली दाहिने पैर में लगी; चोरी की बाइक और तमंचा
इटावा में पुलिस ने ऑटो में बैठी महिला का पर्स झपटने वाले आरोपी को रविवार देर रात करीब 12 बजे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक, मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि झपटमारी की घटना में लूटी गई नकदी और जेवरात की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है। मामला फ्रेंड्स कॉलोनी थाना का है। घेराबंदी देख भागने लगा आरोपी एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस को सूचना मिली कि 8 नवंबर को इटावा-सैफई रोड पर कुनैरा के पास ऑटो सवार महिला का पर्स झपटने वाला आरोपी स्प्लेंडर बाइक से विचपुरी खेड़ा नहर पुल से लोकासाही नहर पुल की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान सामने से एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने भागने का प्रयास किया। इस दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस पर की फायरिंग पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के दाहिने पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। साथी के साथ दिया था वारदात को अंजाम पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कल्लू पुत्र चंदन निवासी कोकपुरा, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी बताया। उसकी उम्र करीब 24 साल है। एसएसपी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 8 नवंबर 2026 को उसने अपने साथी सुजीत के साथ कुनैरा के पास ऑटो में बैठी महिला का पर्स झपट लिया था। पर्स में जेवरात, दो मोबाइल फोन और 16 हजार रुपये नकद रखे थे। झाड़ियों में छिपाए थे जेवरात आरोपी ने बताया कि पकड़े जाने के डर से उसने लूटे गए जेवरात और एक मोबाइल फोन गंगा बिहार के पास खाली प्लॉट की झाड़ियों में छिपा दिए थे, जबकि दूसरा मोबाइल फोन और नकदी अपने पास रख ली थी। पुलिस ने लूटी गई नकदी और जेवरात बरामद कर लिए हैं। चोरी की बाइक से कर रहा था वारदात पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस, ओपो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन, बिना नंबर प्लेट की चोरी की स्प्लेंडर प्लस बाइक और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच में बाइक थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में पहले से दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई। आठ गंभीर मुकदमे दर्ज पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार कल्लू के खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब आठ गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके साथी सुजीत की तलाश कर रही है। पूरी कार्रवाई थानाध्यक्ष गौरव कुमार ने पुलिस टीम के साथ की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User