उदयभान करवरिया बोले- खुद चुनाव लड़ने का मन नहीं:अपनों को जिताऊंगा; केशव से हमारे अच्छे संबंध, भाजपा से दूरी की बात फैलाने वाले गलत
प्रयागराज के पूर्व विधायक उदयभान करवरिया इन दिनों अपने बयानों और राजनीतिक सक्रियता को लेकर चर्चा में हैं। 10 साल जेल में रहने और पत्नी के निधन के बाद अब वे फिर अपने समर्थकों के बीच सक्रिय नजर आ रहे हैं। उनके बेटे की ओर से होने जा रहे कार्यक्रम को वे शक्ति प्रदर्शन के बजाय अपनों से संवाद का मंच बता रहे हैं। हालांकि, आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी भूमिका और भाजपा में उनकी सक्रियता को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में उदयभान करवरिया ने साफ कहा कि वे फिलहाल विधानसभा चुनाव लड़ने का मन नहीं बना रहे हैं। पहले तो चाहूंगा कि अपनों को लड़ाकर जिताऊं। लेकिन, संगठन जो जिम्मेदारी देगा, उसका पालन करेंगे। भाजपा से दूरी की चर्चाओं को खारिज करते हुए उन्होंने कहा- ऐसी बातें फैलाने वाले गलत हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से अच्छे संबंध हैं। भाजपा मेरे हृदय में है और मैं भाजपा के हृदय में हूं। पढ़िए, उदयभान करवरिया से बातचीत के प्रमुख अंश… सवाल: आपका एक बड़ा कार्यक्रम करने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्या है? जवाब : वह मेरा कार्यक्रम नहीं है। मेरे साथ जुड़े हुए जो लोग मुझसे स्नेह करते हैं, यह उनका कार्यक्रम है। इसकी रूपरेखा मेरे बेटे ने बनाई है। उसने मुझसे कहा कि आपको इसमें मुख्य अतिथि के रूप में रहना है, तो मैंने सहर्ष स्वीकार किया। इस उद्देश्य कुछ नहीं है। मैं 10 साल जेल में रहा। फिर मेरी पत्नी नहीं रहीं। अब थोड़ा खाली हुआ हूं। अब अपने लोगों के पास बैठना, उनके विचार सुनना और फिर उसी हिसाब से मुझे चलना है। सवाल: जनता से जुड़ना चाहते हैं, दोबारा से राजनीति में उतरना चाहते हैं? जवाब : मैं तो शुरू से राजनीति में हूं। कभी राजनीति से बाहर तो रहा नहीं। कभी जनता से अलग नहीं रहा। चाहे कारावास में रहा हूं, चाहे बाहर रहा हूं। जो अपने लोग हैं, जिन्हें कोई नहीं पूछता, उन्हें लोग कहते हैं कि आप तो करवरिया जी वाले हैं। एक बार करवरिया जी वालों को एक जगह इकट्ठा होना चाहिए। इसीलिए ये कार्यक्रम होने जा रहा है। सवाल: आपका एक बयान सुर्खियों में है- ‘वो किसी पद पर हैं और उनसे हम ज्यादा शक्तिशाली बिना पद के हैं।’ किसकी तरफ इशारा है? जवाब : मैंने यह कहा था कि वह पद पर हैं और मैं पद पर नहीं हूं। फिर भी लोग मुझसे प्यार करते हैं। मेरे सुख-दुख में वे खड़े रहते हैं, उनके सुख-दुख में मैं खड़ा रहता हूं। लेकिन, जो लोग पद में हैं, वे भूल जाते हैं। अब देखिए, चुनाव का समय आया है। कल मेरे पास कुछ लोग बैठे थे। उन्होंने मुझे एक नेताजी का नाम बताया। कहा कि साहब, अब तो उनके फोन आने लगे। मैंने कहा कि हो सकता है चुनाव लड़ने का इरादा हो। मेरा कहना है कि चुनाव लड़ना हो या नहीं…कार्यकर्ताओं से जुड़ाव कभी भी समाप्त नहीं करना चाहिए। सवाल- कहा जा रहा है कि भाजपा आपको पहले जैसी तवज्जो नहीं दे रही है, इस चुनाव क्या करेंगे? जवाब : कौन कहता है कि भाजपा मुझे तवज्जो नहीं दे रही है? मैं भी उनसे पूछ लूंगा कि उन्हें यह जानकारी कहां से मिली। भाजपा मेरे हृदय में है और मैं भाजपा के हृदय में हूं। ऐसा कभी हो ही नहीं सकता कि हमारे बीच दूरी हो। अगर कोई ऐसी बात फैला रहा है तो निश्चित रूप से वह धूर्त किस्म का व्यक्ति है। चुनाव में जो संगठन आदेश करेगा, उसका पालन करेंगे? सवाल : आप टिकट कहां से चाहते हैं, परिवार से किसी को लड़वाना है? जवाब : मैंने तो पहले ही कहा है कि मैं विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ने जा रहा हूं। हम संगठन को मानने वाले लोग हैं। संगठन जो दिशा-निर्देश देगा, उसी के अनुसार चलेंगे। अपनी दिशा हम खुद तय नहीं करते। सवाल : जब आप चुनाव नहीं लड़ना चाहते तो बिना पद के पद पर बैठे लोगों से मुकाबला कैसे होगा? जवाब : पद तो नाम के आगे लिखने के लिए होता है, लेकिन असली ताकत जनता होती है। जनता आपके दिल में होती है और आपका समूह ही आपकी ताकत होती है। मैं जनता के बल पर बोलता हूं। जनता के लिए ही काम करता हूं और उनकी बातों को उठाता हूं। इसलिए मुझे उनका स्नेह मिलता है। सवाल : डिप्टी सीएम केशव को लेकर कई तरह के बयान सामने आते हैं। क्या आपसे संबंध ठीक नहीं हैं? जवाब : संबंध अच्छे हैं, अच्छी मित्रता है, अच्छी बातचीत है। मुझे तो नहीं लगता है कि मेरे मन में कोई बात है। बाकी उनके मन की बात तो वो ही जानें। सवाल : आपका एक बयान है- मेरे साथ जितनी भीड़ होगी, उसका 10% भी उनके पास नहीं। ये किसके लिए? जवाब : मैंने किसी नेता के लिए नहीं कहा। मैंने कहा कि मेरे साथ जनता का जुड़ाव है। मैं बिना पद के जितना जनता के बीच में रहता हूं, कोई भी व्यक्ति जो अपने को बड़ा मानता हो, वह पहले पद को त्यागे। उसका 10% भी जोड़कर दिखाए। फिर मैं जिंदगी भर उसकी गुलामी करूंगा। उत्तरी विधानसभा सीट से हर्ष वाजपेयी विधायक हैं। उनका काम अच्छा है। उन्होंने क्षेत्र में विकास किया है, तो उनको हटाकर किसी और को लाने का विचार क्यों पार्टी करेगी? हटाया तब जाता है, जब किसी की छवि खराब हो। विचार तो बहुतों के मन में रहता है कि मैं चुनाव यहां लड़ूं, वहां लड़ूं। लेकिन, जिसको जनता लड़ाती है, चुनाव तो वही जीतता है। सवाल : कुछ दिन पहले यहां प्रबुद्ध सम्मलेन हुआ, आपका भी बयान आया था। क्या कहेंगे? जवाब : हमारा कार्यकर्ता हमारी पार्टी के लिए काम करता है, हमारे लिए बूथों पर काम करता है। अगर वह हमसे प्रश्न भी नहीं पूछ सकता है तो यह तो अच्छी बात नहीं है। प्रश्न पूछने का अधिकार हर कार्यकर्ता को है। मैं कहता हूं कि न भी कार्यकर्ता हो तो हर व्यक्ति प्रश्न पूछ सकता है। जवाब देना है, नहीं देना है, वह आपकी इच्छा है। लेकिन, धक्का मारकर, पुलिस बल का और कुछ गुंडा तत्वों का इस्तेमाल करके उसको बाहर धक्का देना गैरकानूनी है। यह अच्छा नहीं है। सवाल: आप नहीं गए, वहां मुख्य अतिथि बनाने को लेकर कई लोगों में नाराजगी थी। जवाब : अब शंकराचार्य जी से ज्यादा प्रबुद्ध हमारे समाज में कौन होगा? उसके बाद मुख्य अतिथि या अतिथि कौन हो सकता है? यह बड़ा प्रश्नचिह्न है। अगर शंकराचार्य जी किसी मंच पर मौजूद हैं तो फिर शंकराचार्य जी ही वहां के सब कुछ हैं। मुझे भी उन्होंने आमंत्रित किया था, लेकिन मैं अपनी व्यस्तता के कारण नहीं जा पाया था। मेरा यह मानना है कि हिंदू समाज के लिए शंकराचार्य से बड़ा कोई नहीं है। अगर किसी मंच पर हमने उनको बुला रखा है तो फिर उनके आगे न कोई अतिथि है, न मुख्य अतिथि है, न कोई कुछ है। शंकराचार्य जी के अलावा कौन वहां होना चाहिए? एक तो यहां पर यही गलती हो गई। सवाल : मान लीजिए संगठन टिकट देता है तो कहां से लड़ना चाहते हैं? जवाब : पहले तो कहेंगे कि अबकी लड़ने का मन नही है। पत्नी के न रहने के बाद राजनीतिक रूप से मैं खुद को अभी बहुत मानसिक रूप से तैयार नहीं कर पा रहा हूं। पहले अपनों को चुनाव लड़ाकर जिताने का काम करूंगा। लेकिन, पांच-छह जिले हैं, संगठन जो कहेगा वो मानना पड़ेगा। कहीं से भी लड़ेंगे, जीत जाएंगे। कोई समस्या नहीं है। सवाल: अपने दो भाई की जमानत के लिए क्या सुप्रीम कोर्ट जाएंगे? जवाब : अभी तो हाईकोर्ट में मामला पेंडिंग है। उनको 10-12 साल हो भी गया है। मुझे लगता है कि बहुत कठिन नहीं है। अगर मुकदमे की फाइल देखी जाएगी तो बाहर आ जाएंगे। अगर प्रोफाइल देखी जाएगी तो थोड़ा कठिन होगा। प्रोफाइल न देखकर फाइल देखी जाए तो ज्यादा ठीक होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)