कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:ट्रेन के चार AC कोच पटरी से उतरे, घर में लगी भीषण आग; लड़के की हत्या
नमस्कार, कानपुर की कल (बुधवार) की 10 बड़ी खबरें… चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार AC डिब्बे सेंट्रल स्टेशन पर पटरी से उतर गए। ट्रेन नंबर 15003 अनवरगंज से गोरखपुर जा रही थी। वहीं, फजलगंज में अफेयर को लेकर 17 साल के हर्षित की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। फीलखाना के सिरकी मोहाल में गैस रिसाव से तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। ऐसी ही 10 बड़ी खबरों को देखने के लिए ऊपर VIDEO पर क्लिक करें। सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें- 1- चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार AC डिब्बे पटरी से उतरे, सेंट्रल स्टेशन पर हादसा कानपुर में चौरी चौरा एक्सप्रेस बुधवार शाम पटरी से उतर गई। हादसा कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर हुआ। प्लेटफॉर्म नंबर 7 से शाम 5:03 बजे ट्रेन रवाना हुई। स्टेशन से आगे बढ़ने के दौरान ट्रेन के चार AC कोच बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 पटरी से उतर गए। ट्रेन नंबर 15003 अनवरगंज से गोरखपुर जा रही थी। पढ़ें पूरी खबर... 2- ओवरटेक करने में टकराईं दो बाइकें, युवक की मौत; 3 गंभीर कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के नारामऊ में बुधवार सुबह दो बाइकें ओवरटेक करने के दौरान टकरा गईं। हादसे में रंजीत (28) की मौत हो गई, जबकि युवती समेत 3 लोग गंभीर घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रंजीत सीएचसी चौबेपुर में नौकरी करता था। उसका बड़ा भाई यूपी पुलिस में सिपाही है। हादसा आईआईटी कानपुर से करीब एक किमी दूर सुबह 8:30 बजे हुआ। पढ़ें पूरी खबर... 3- THAR से रौंदने वाली बोली- ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा, गड्ढे से हादसा हुआ कानपुर में LIC एजेंट संतोष सिंह चौहान की मौत के मामले में आरोपी गीत सचान ने बुधवार को सफाई दी। उसने कहा कि सड़क के गड्ढों से बचने के दौरान घबराहट में ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब गया। गीत के मुताबिक, वह छोटी बहन के साथ शॉपिंग करके लौट रही थी। उसने शराब नहीं पी थी और हादसे के बाद 10-15 मिनट मौके पर रही। लोगों के विरोध के चलते वहां से निकली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर... 4- प्रेम-प्रसंग में किशोर की चाकू से गोदकर हत्या, 3 आरोपी पकड़े गए कानपुर के फजलगंज में 17 वर्षीय हर्षित की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बंबा रोड सब्जी मंडी में आरोप है कि उसके साथी ने दोस्तों के साथ मिलकर सीने में चाकू मारा। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आशनाई की बात से इनकार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है। पढ़ें पूरी खबर... 5- शेयर मार्केट में 5 लाख डूबे तो 20 लाख लूटने पहुंचा बीटेक छात्र, 2 अरेस्ट कानपुर में फीलखाना थाने से 100 मीटर दूर स्कूटी सवार बीटेक छात्र ने 20 लाख रुपए लूटने का प्रयास किया। कर्मचारी के शोर मचाने पर लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में कारोबारी के कर्मचारी की साजिश सामने आई। कर्मचारी ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। आरोपी को शेयर मार्केट में 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पढ़ें पूरी खबर... 6- जेल की सलाखों के पीछे बहनों ने भाइयों को लगाया तिलक, 300 से ज्यादा महिलाएं पहुंचीं कानपुर जिला जेल में बुधवार को भाई-दूज भावुक माहौल में मनाई गई। सुबह से ही बहनें मिठाई और पूजन सामग्री लेकर भाइयों से मिलने पहुंचीं। दोपहर तक 300 से अधिक महिलाओं ने बंदी भाइयों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और उनकी लंबी उम्र की कामना की। लंबे समय बाद मुलाकात पर कई भाई-बहन गले लगकर रो पड़े। जेल प्रशासन ने सुरक्षा जांच के बाद बहनों को मिलने की अनुमति दी। पढ़ें पूरी खबर... 7- खेत से लौट रहे 12 साल के सचिन को कार ने रौंदा, मौत कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के सिकटिया गांव में बुधवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से 12 वर्षीय सचिन गोस्वामी की मौत हो गई। वह खेत से ट्यूबवेल देखकर घर लौट रहा था। सिकटिया बाजार के पास कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार पेड़ से टकरा गई। आरोप है कि चालक घायल सचिन को देखकर कार समेत फरार हो गया। सचिन कक्षा 8 का छात्र था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पढ़ें पूरी खबर... 8- ड्रग्स फैक्ट्री गिरोह का वांटेड रिजवान अरेस्ट, 50 लाख की मेफेड्रोन पकड़ी गई कानपुर में फजलगंज पुलिस ने मेफेड्रोन ड्रग्स फैक्ट्री के फरार आरोपी रिजवान अहमद को गिरफ्तार किया है। बाबूपुरवा निवासी रिजवान के पास से 50 लाख रुपए की ड्रग्स बरामद हुई। एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह के मुताबिक, जालौन के उरई में गुलाब जल बनाने की आड़ में चल रही फैक्ट्री के खुलासे के बाद आरोपी मुंबई में छिपा था। पैसों की कमी होने पर वह गोविंदपुरी स्टेशन पर ड्रग्स बेचने आया था। पढ़ें पूरी खबर... 9- गैस रिसाव से तीन मंजिला मकान में लगी आग, 5 लोग फंसे; रेस्क्यू कर बचाया कानपुर के फीलखाना क्षेत्र स्थित सिरकी मोहाल में बुधवार दोपहर गैस रिसाव से तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। अनंता भवन के पहले तल पर किचन से शुरू हुई आग दूसरी मंजिल तक पहुंच गई। धुएं और लपटों के बीच परिवार के 5 लोग फंस गए। सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं। फायर कर्मियों ने सभी का रेस्क्यू कर करीब 30 मिनट में आग पर काबू पा लिया। पढ़ें पूरी खबर... 10- पानी मांगने पर पत्नी ने कहा- डूबकर मर जाओ, पति ने पटरे से मारकर हत्या की कानपुर के चकेरी क्षेत्र में महज एक गिलास पानी के विवाद में पति करन पासवान ने पत्नी रीता (28) की पटरे से वार कर हत्या कर दी। आरोपी ने पुलिस के सामने पछतावा जताते हुए कहा कि वह पत्नी को मारना नहीं चाहता था, गलती से वार लग गया। बुधवार को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। रीता अपने पीछे ढाई साल के बेटे कार्तिक और दो महीने की बेटी काव्या को छोड़ गई है। पढ़ें पूरी खबर…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)