उन्नाव के सरैंया ROB पर आवाजाही शुरू:1.13 किमी लंबे फोरलेन पुल पर 150 करोड़ रुपये खर्च; रेलवे क्रॉसिंग के जाम से राहत

Nov 05, 2026 - 12:03
0
उन्नाव के सरैंया ROB पर आवाजाही शुरू:1.13 किमी लंबे फोरलेन पुल पर 150 करोड़ रुपये खर्च; रेलवे क्रॉसिंग के जाम से राहत
उन्नाव में गंगा बैराज मार्ग स्थित सरैंया रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) गुरुवार से आम लोगों के लिए खोल दिया गया। पुल पर बिना औपचारिक उद्घाटन के वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी गई। इससे लखनऊ-कानपुर मार्ग पर सरैंया रेलवे क्रॉसिंग के जाम से राहत मिलेगी। पुराने जाजमऊ गंगा पुल की मरम्मत के चलते भारी वाहन बैराज मार्ग से गुजर रहे हैं। इससे बैराज मार्ग और शुक्लागंज में सुबह-शाम यातायात का दबाव बढ़ रहा था और जाम लग रहा था। इसे देखते हुए सेतु निगम ने आरओबी को चालू करने का फैसला लिया। सेतु निगम के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर एसके सुमन की मौजूदगी में पुल पर यातायात शुरू हुआ। सुमन ने बताया कि बैराज मार्ग पर जाम की समस्या को देखते हुए आरओबी खोला गया है। पुल पर रंगाई-पुताई, फुटपाथ की फिनिशिंग और स्ट्रीट लाइट के पोल लगाने समेत कुछ काम बाकी हैं। इन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। पुल का औपचारिक उद्घाटन बाद में तय तारीख पर होगा। निर्माण फरवरी 2022 में शुरू हुआ करीब 1.13 किलोमीटर लंबे फोरलेन आरओबी का निर्माण फरवरी 2022 में शुरू हुआ था। शुरुआती योजना में पुल की लंबाई 814.96 मीटर तय की गई थी और इसे जून 2023 तक पूरा करना था। वर्ष 2023 में तत्कालीन कानपुर मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर के निर्देश पर मरहला चौराहे की ओर पुल की लंबाई करीब 350 मीटर बढ़ाई गई। इसके बाद इसकी कुल लंबाई लगभग 1,129 मीटर हो गई। निर्माण की नई समयसीमा 31 अक्टूबर 2026 तय की गई थी। सेतु निगम ने तय समयसीमा के भीतर काम पूरा किया। परियोजना पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च हुए। लखनऊ जाने वालों को मिलेगा वैकल्पिक रास्ता आरओबी शुरू होने से दिल्ली, अलीगढ़, कन्नौज और मंधना की ओर से गंगा बैराज होते हुए लखनऊ जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्ता मिला है। अब इन वाहनों को कानपुर शहर के भीतर प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे शहर के अंदर यातायात का दबाव कम होने के साथ ही यात्रियों का समय और ईंधन भी बचेगा। खासकर लंबी दूरी के वाहनों को कानपुर के भीड़भाड़ वाले रास्तों से गुजरने की मजबूरी नहीं रहेगी। ट्रांसगंगा सिटी को भी मिलेगा फायदा सरैंया आरओबी का सीधा लाभ उन्नाव में विकसित हो रही यूपीसीडा की महत्वाकांक्षी ट्रांसगंगा सिटी को भी मिलेगा। औद्योगिक क्षेत्र तक पहुंचने वाले भारी और व्यावसायिक वाहनों के लिए आवागमन आसान होगा। इससे औद्योगिक इकाइयों तक माल की ढुलाई और परिवहन व्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है। आरओबी के चालू होने से उन्नाव, शुक्लागंज और कानपुर के बीच आवागमन करने वाले लोगों को भी जाम से राहत मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User