उत्तरकाशी केदारताल- 8 ट्रैकर 6 दिन से लापता, सामान मिला:पिता बोले- सेना को मदद के लिए बुलाएं; बंगाल CM ने मांगी रेस्क्यू की रिपोर्ट
उत्तरकाशी के केदारताल में 29 अक्टूबर से लापता आठ लोगों का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। ट्रैक पर फंसे गाइड के पिता मोहन राणा ने दावा किया है कि उनके बेटे और उसके साथियों का सामान हिमस्खलन की चपेट में आ गया है। उनके पास दो से तीन दिन तक का खाने-पीने का सामान था। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना को शामिल करने की मांग की है। अभी NDRF, SDRF, उत्तराखंड पुलिस, वन विभाग और नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग की 6 से ज्यादा टीमें हेलिकॉप्टर से तलाशी अभियान चला रही हैं। लापता लोगों में पश्चिम बंगाल के 5 ट्रैकर, उत्तर प्रदेश के 2 ट्रैकर और उत्तरकाशी के स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा शामिल हैं। सभी 27 अक्टूबर को गंगोत्री से केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुए थे। लापता पर्वतारोहियों के परिजन और ग्रामीण सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने DM प्रशांत कुमार आर्य से मुलाकात कर खोज अभियान तेज करने की मांग की। इस बीच पश्चिम बंगाल की सीएम शुभेंदु अधिकारी ने उत्तराखंड प्रशासन से लापता ट्रैकरों को जल्द खोजने की अपील की और मामले की रिपोर्ट भी मांगी है। तस्वीरें देखिए- 5 पॉइंट में पूरी खबर… 1. 12 लोगों का दल गंगोत्री से केदारताल ट्रैक पर निकला था- पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के 7 ट्रैकर, उत्तरकाशी का स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा, एक कुक और 3 पोर्टरों समेत 12 लोगों का दल वन विभाग से परमिशन लेकर 27 अक्टूबर को गंगोत्री से केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। 29 अक्टूबर को वापसी के दौरान भोजखड़क और कच्ची ढांग के पास अचानक हिमस्खलन और बर्फबारी हुई। इसकी चपेट में आने से 8 लोग लापता हो गए। बाकी 4 सदस्य किसी तरह सुरक्षित नीचे पहुंचने में कामयाब रहे। 2. चार सदस्य सुरक्षित लौटे, प्रशासन को दी हादसे की जानकारी- 30 अक्टूबर को दल के 4 सदस्य (3 नेपाली पोर्टर और कुक रोहन राणा) सुरक्षित गंगोत्री पहुंचे। उन्होंने प्रशासन को 8 लोगों के लापता होने की जानकारी दी। इसके बाद 31 अक्टूबर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। SDRF, NDRF, पुलिस और वन विभाग की टीमें तलाश में जुटीं। 3. बर्फबारी और खराब मौसम से रेस्क्यू में आ रही परेशानी- SDRF और नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग (NIM) की टीमें हेलिकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण और ग्राउंड सर्च कर रही हैं। भोजखड़क के पास लापता लोगों का कुछ सामान भी मिला है। हालांकि, लगातार बर्फबारी और कम विजिबिलिटी के कारण अभियान में बार-बार बाधा आ रही है। लापता लोगों में उत्तरकाशी के 25 वर्षीय गाइड सिद्धार्थ राणा, उत्तर प्रदेश की 28 वर्षीय वर्तिका वर्मा और एक अन्य ट्रैकर शामिल हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल के बांकुरा निवासी तापस बौरी (30), रतन घोष (23), मनोज खवास (39), रिंटू मंडल (40) और उदय घोष (30) भी लापता हैं। 4. पिता से 5 हजार रुपए लेकर की ट्रैकिंग- बांकुरा के पांचों युवक दोस्त थे। इनमें मनोज खवास केशरा गांव के रहने वाले हैं, जबकि बाकी चार युवक शालबनी के निवासी हैं। युवकों के लापता होने के बाद से उनके परिवारों का बुरा हाल है। लापता रतन घोष के पिता भोलानाथ घोष ने बताया कि उन्होंने बेटे को यात्रा पर जाने से मना किया था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ। भोलानाथ के मुताबिक, बेटे ने यात्रा पर जाने से रोकने पर रेलवे ट्रैक पर लटककर आत्महत्या करने की धमकी दी थी। वह पिता से 5 हजार रुपए भी लेकर गया था। रतन की बहन लक्ष्मीप्रिया घोष ने बताया कि उसका भाई 3 साल से इस यात्रा पर जाने की बात कर रहा था। उसने परिवार को बताया था कि वह उत्तराखंड जा रहा है। वहीं, तापस बौरी के पिता लालमोहन बौरी ने बताया कि ट्रैकिंग पर जाने से पहले बेटे ने फोन कर कहा था कि वह एक सुनसान इलाके में जा रहा है। कुछ दिनों तक फोन पर संपर्क नहीं हो पाएगा। इसके बाद जब भी परिवार ने फोन किया, उसका फोन बंद मिला। तापस की बहन कविता बौरी ने बताया कि उन्होंने आखिरी बार सोमवार को भाई से बात की थी। इसके बाद वह ट्रैकिंग के लिए लॉज से निकल गया। संपर्क नहीं होने पर परिवार ने लॉज में फोन किया तो पता चला कि पूरा समूह 4 दिन से वापस नहीं लौटा है। यह बताते हुए कविता रोने लगी। लापता रिंटू मंडल के चाचा कार्तिक मंडल ने बताया कि वह पहले भी 3-4 बार पहाड़ों पर ट्रैकिंग कर चुका था। इस साल भी लक्ष्मी पूजा के अगले दिन वह यात्रा पर गया था। कार्तिक ने कहा कि बेटे के लापता होने के बाद परिवार की रातों की नींद उड़ गई है। रात को खाना नहीं खा पाते और नींद भी नहीं आती। 5. परिजन कलेक्ट्रेट पहुंचे, सेना से रेस्क्यू की मांग; बंगाल CM ने जताई चिंता- लापता गाइड सिद्धार्थ राणा के पिता मोहन राणा और अन्य ग्रामीण सोमवार को उत्तरकाशी कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने DM प्रशांत कुमार आर्य से मुलाकात कर खोज अभियान तेज करने की मांग की। मोहन राणा ने दावा किया कि उनके बेटे और उसके साथियों का सामान हिमस्खलन की चपेट में आ गया है। उनके पास 2 से 3 दिन तक का खाने-पीने का सामान था। उन्होंने दुर्गम पहाड़ी इलाके और खराब मौसम को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन में भारतीय सेना और एयरफोर्स के एडवांस्ड हेलिकॉप्टरों को शामिल करने की मांग की। इधर, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बांकुरा के पांच युवकों के लापता होने पर चिंता जताई। उन्होंने उत्तराखंड सरकार और SDRF से युवकों को जल्द से जल्द सुरक्षित तलाशने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि खराब मौसम के बावजूद खोज अभियान जारी है। परिजन और स्थानीय ग्रामीण अतिरिक्त संसाधन और विशेषज्ञ टीमों की मदद से तलाश तेज करने की मांग कर रहे हैं।
--------------------
ये खबर भी पढ़ें…
हरिद्वार- 1500 रुपए एक नाइट का, होटल में सेक्स रैकेट:कमरों से मिला आपत्तिजनक सामान; स्पेशल सर्विस के नाम पर होती बुकिंग हरिद्वार पुलिस ने बाहर से लड़कियां लाकर होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। यहां ऑनलाइन साइट पर आसपास के लोगों के लिए खास ऑफर दिए जाते थे। स्पेशल सर्विस के नाम पर पहले बुकिंग ली जाती थी। फिर वॉट्सऐप पर फोटो भेजकर 1500 रुपए में डील की जाती थी। (पढ़ें पूरी खबर)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)