बहराइच के पशु मित्रों ने नियमित मानदेय मांगा:मांगें पूरी नहीं हुईं तो 17 नवंबर से लखनऊ में आंदोलन की चेतावनी
बहराइच में नियमित मानदेय की मांग को लेकर पशु मित्र संघ ने मंगलवार दोपहर 1 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। पशु मित्रों ने जिलाधिकारी के माध्यम से अपनी मांग रखी। पशु मित्रों ने कहा कि वे पशुपालन विभाग में कई साल से जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें नियमित मानदेय नहीं मिलता। इससे उनके सामने आर्थिक संकट है। संघ के जिलाध्यक्ष अश्वनी मिश्रा ने बताया कि पशु मित्र कृत्रिम गर्भाधान, पशुओं का टीकाकरण, गौशालाओं में सेवा और घायल पशुओं का मुफ्त इलाज करते हैं। इसके बावजूद उन्हें तय मानदेय नहीं दिया जा रहा है। अश्वनी मिश्रा ने बताया कि पशु मित्रों को परिवारवार 9 रुपये 94 पैसे, कृत्रिम गर्भाधान के लिए 50 रुपये और टीकाकरण पर 5 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलती है। यह रकम भी समय पर नहीं मिलती। आज किए गए काम का भुगतान एक से दो साल बाद होता है। वर्ष 2024 में कराई गई पशुगणना का भुगतान भी अब तक बाकी है। अश्वनी मिश्रा ने कहा कि आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षामित्रों और पंचायत मित्रों की तरह पशु मित्रों को भी नियमित मानदेय दिया जाए। उन्होंने कहा कि दीपावली पर मानदेय न मिलने से पशु मित्रों के परिवार त्योहार नहीं मना पाएंगे। संघ ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि 17 नवंबर को लखनऊ में निदेशालय पार्क से जीपीओ पार्क तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)