कुशीनगर में 10 नवंबर तक भारी वाहनों की नो एंट्री:6 से 8 नवंबर तक बदले रहेंगे रास्ते, कसया में बदलेगा ट्रैफिक प्लान

Nov 04, 2026 - 13:31
0
कुशीनगर में 10 नवंबर तक भारी वाहनों की नो एंट्री:6 से 8 नवंबर तक बदले रहेंगे रास्ते, कसया में बदलेगा ट्रैफिक प्लान
कुशीनगर में धनतेरस, छोटी दीपावली और बड़ी दीपावली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पडरौना और कसया कस्बों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 6 से 8 नवंबर तक सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक भारी और बड़े व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा बाजारों में जाम से बचने के लिए चारपहिया वाहनों और ई-रिक्शा की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है। दोनों कस्बों में अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पडरौना में इन रास्तों पर रहेगी रोक रामकोला, खड्डा, कसया, विशुनपुरा और वासी की ओर से आने वाले ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली, डीसीएम और अन्य बड़े व्यावसायिक वाहन निर्धारित नो एंट्री प्वाइंट से आगे नहीं जा सकेंगे। नौका टोला, जलकल, बेलवाचुंगी, जटहां तिराहा और दुर्गा मंदिर रोड पर पीएनबी बैंक के पास से चारपहिया वाहन और ई-रिक्शा मुख्य बाजार में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। वहीं, सुभाष चौक, अंबे चौक, रेलवे स्टेशन मोड़ और नौका टोला रेलवे ढाला से पिकअप, डीसीएम, ट्रैक्टर सहित अन्य व्यावसायिक वाहनों का बाजार में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रामधाम पोखरा चौराहे से भी व्यावसायिक वाहन कस्बे की ओर नहीं आ सकेंगे। निजी चारपहिया वाहनों को बाजार में भीड़ की स्थिति के अनुसार अनुमति दी जाएगी। पार्किंग के लिए तय किए गए स्थल पडरौना में चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए उदित नारायण डिग्री कॉलेज के सामने खाली मैदान और सुभाष चौक के पास सोसाइटी परिसर निर्धारित किया गया है। सिंधुआ की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग ब्लॉक के पास होगी। बावली की तरफ से आने वाले चारपहिया वाहनों को नौका टोला से बलुचहां की ओर डायवर्ट किया जाएगा। रविंद्रनगर की ओर से आने वाले वाहन कठकुईया मोड़ से डायवर्ट होकर ब्लॉक की तरफ पार्क किए जाएंगे। सवारी वाहनों के लिए बावली चौक, सुभाष चौक, कठकुईया मोड़, स्टेशन बाईपास, अंबे चौक और खिरकिया मार्ग निर्धारित किए गए हैं। कसया में बैने क्लब में होगी पार्किंग कसया में देवरिया अंडरपास, गोलाबाजार तिराहा, सपहां नहर चौराहा और गांधी चौक से बड़े व्यावसायिक वाहनों को मुख्य बाजार की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए बैने क्लब निर्धारित किया गया है। भीड़ बढ़ने पर एयरपोर्ट जाने वाली बायीं लेन में भी पार्किंग की व्यवस्था की जा सकती है। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User