वाराणसी में राजस्थान ब्राह्मण मंडल का स्नेह मिलन:मेधावी छात्र-छात्राओं व वरिष्ठजनों का हुआ सम्मान, राजस्थानी लोकनृत्य की प्रस्तुति
वाराणसी में श्री राजस्थान ब्राह्मण मंडल, काशी की ओर से रविवार को लक्सा स्थित मारवाड़ी युवक संघ भवन में दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान की लोक संस्कृति और परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। मुख्य अतिथि वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी रहे। समारोह का शुभारंभ भगवान गणपति की प्रतिमा पर माल्यार्पण और महापौर द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आदित्य चतुर्वेदी ने गणपति वंदना प्रस्तुत की। इस अवसर पर संस्था की ओर से समाज के वरिष्ठजनों को सम्मानित किया गया। शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। राजस्थान से आए मांड एवं लोकगीत गायक गोपाल सिंह राठौड़ और डॉ. पूजा राठौर ने गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं, चंगमुरली ग्रुप के कलाकारों ने राजस्थानी प्रसंगों, शेखावाटी चंग और कालबेलिया लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के आयोजन में अध्यक्ष पं. गिरीश कुमार धरड़, प्रधानमंत्री पं. विजय कृष्ण मिश्र, कोषाध्यक्ष पं. भरत शास्त्री, विनय चौधरी सहित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने सहयोग किया। समारोह में समाज के सदस्य परिवार सहित उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)