उन्नाव में युवक की चाकू मारकर हत्या:शराब पीते समय कहासुनी हुई, दो दिन से चल रहा था इलाज

Nov 16, 2026 - 14:58
0
उन्नाव में युवक की चाकू मारकर हत्या:शराब पीते समय कहासुनी हुई, दो दिन से चल रहा था इलाज
उन्नाव में शराब पीने के झगड़े में युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जिला अस्पताल में युवक का दो दिन से इलाज चल रहा था। सोमवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। मामला अचलगंज थाना क्षेत्र का है। गंगा कटरी के तिघरा गांव के रहने वाले छोटेलाल का बेटा सरवन (18) शनिवार रात हड़हा बाजार की देशी शराब की दुकान पर गया था। शराब खरीदने के बाद वो बाजार परिसर में बैठकर पीने लगा। उसी दौरान गांव के दो युवक भी वहां शराब पी रहे थे। किसी बात पर तीनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों में से एक ने सरवन के पेट में चाकू से कई वार किए। सरवन जमीन पर गिर पड़ा। चाकू से वार होने पर सरवन ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग और दुकानदार मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवक भाग चुके थे। स्थानीय लोगों ने अचलगंज थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सरवन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पेट में चाकू लगने और ज्यादा खून बहने से उसकी हालत नाजुक थी। सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अचलगंज थाना प्रभारी सुब्रत नारायण ने बताया कि हमलावर तिघरा गांव के ही दो युवक बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। वहीं, मृतक के पिता छोटेलाल ने गांव के ही चंदन और सुनील के खिलाफ अपने बेटे पर जानलेवा हमला करने की तहरीर दी थी। पुलिस के अनुसार, पूर्व में दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया था और अब युवक की मौत के बाद धाराएं बढ़ाई जाएंगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User