विधायक और डीएम ने किया चौबारी मेले का शुभारंभ:बरेली में 100 साल पुराने ऐतिहासिक चौबारी मेले का हवन-पूजन के साथ आगाज
बरेली के रामगंगा के तट पर लगने वाले 100 साल पुराने ऐतिहासिक कार्तिक चौबारी मेले का शुक्रवार को भव्य आगाज हो गया। बिथरी चैनपुर से विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मेला स्थल पर पहुंचकर विधि-विधान से हवन-पूजन किया और फीता काटकर तथा कबूतर व गुब्बारे उड़ाकर नौ दिवसीय मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर जमकर आतिशबाजी भी की गई। अब 24 नवंबर को होने वाले मुख्य स्नान पर यहां लाखों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे। उद्घाटन के बाद डीएम अविनाश सिंह ने सभी को कार्तिक पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चौबारी मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत का परिचायक है, इसे स्वच्छ और सुरक्षित बनाना हम सभी की प्राथमिकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे स्नान के समय घाटों पर सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें, ताकि अधिक से अधिक लोग मेले का आनंद लेकर सुरक्षित अपने घर लौट सकें। गोताखोरों की तैनाती और झूलों के लिए सख्त निर्देश डीएम ने मेले की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर को घाटों पर गोताखोर तैनात करने तथा मेला आयोजकों को सभी झूले नियमानुसार ही लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को मेले के दौरान डॉक्टरों की टीम और चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रखने को कहा गया है। डीएम ने मेला स्थल पर सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, घाटों पर प्रकाश और हाईमास्ट लाइट की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। घोड़ा बाजार में उमड़ी रौनक, 3.30 लाख का 'चेतक' बना आकर्षण मेले के आगाज के साथ ही रामगंगा तट पर रौनक बिखरने लगी है। एक तरफ जहां आधुनिक मनोरंजन के लिए टोरा-टोरा, ब्रेक डांस और ड्रैगन जैसे झूले सजकर तैयार हैं, तो दूसरी तरफ प्रसिद्ध नखासा बाजार में अलग-अलग नस्लों के घोड़ों की आमद जारी है। सेंथल के जाकिर अपने सफेद घोड़े 'चेतक' को लेकर मेले में पहुंचे हैं। अपनी शानदार कद-काठी और खूबसूरती के कारण चेतक हर किसी का ध्यान खींच रहा है। जाकिर ने इसकी कीमत 3.30 लाख रुपये रखी है। राजस्थान और एमपी से मंगाया गया खास पारंपरिक सामान चौबारी मेले की सबसे बड़ी खासियत यहां का पारंपरिक कारोबार है। मुरादाबाद से पहुंचे गौतम पिछले दस वर्षों से यहां सिल-बट्टे और चकिया की दुकान लगा रहे हैं। इस बार उन्होंने ग्राहकों के लिए राजस्थान और मध्य प्रदेश से विशेष सामान मंगाया है। वहीं, ढोलक बाजार, मीना बाजार, महिलाओं के शृंगार का सामान और बच्चों के खिलौनों की दुकानें भी पूरी तरह सज गई हैं। अलीगंज से आईं सरिता कई वर्षों से मेले में दुकान लगा रही हैं। अच्छी जगह मिलने के लिए वह इस बार पहले ही पहुंच गई थीं और मुख्य स्नान के बाद तक दुकान लगाने की तैयारी में हैं। 28 नवंबर तक दिखेगा आस्था और संस्कृति का संगम 20 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए टोरा-टोरा, हिंडोला, ब्रेक डांस और रेंजर जैसे बड़े झूले लगाए गए हैं। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा बिखेरने के लिए लखनऊ से भी कलाकारों की टीम पहुंच रही है। उद्घाटन अवसर पर एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक, एसपी सिटी, एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ईशिता किशोर, तहसीलदार सदर और मेला कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)