छात्राओं को रक्षा सेवाओं में करियर के लिए प्रेरित किया:जौनपुर में महिला आयोग अध्यक्ष बोलीं- बेटियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की जरूरत
जौनपुर में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने शुक्रवार दोपहर तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज में छात्राओं को भारतीय सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और मार्गदर्शन के अभाव में किसी बेटी का सपना अधूरा नहीं रहना चाहिए। बेटियों को बड़े लक्ष्य तय करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। कॉलेज के मार्कंडेय सिंह सभागार में आयोजित ‘शी सर्व्स’ (She Serves) कार्यक्रम में रहाटकर ने कहा कि सशस्त्र बलों में सेवा करना सिर्फ रोजगार नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और देशसेवा का अवसर है। उन्होंने बताया कि महिलाएं सेना में स्थायी कमीशन, वायुसेना में फाइटर पायलट और नौसेना में ऑपरेशनल भूमिकाएं निभा रही हैं। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के माध्यम से भी बेटियों के लिए अवसर बढ़े हैं। उन्होंने छात्राओं से नेतृत्व क्षमता विकसित करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करने की अपील की। सीओ प्रतिमा वर्मा के साहस का दिया उदाहरण विजया रहाटकर ने कीर्ति चक्र से सम्मानित सीओ शाहगंज प्रतिमा वर्मा के साहस और देशभक्ति का उदाहरण देते हुए छात्राओं को प्रेरित किया। उन्होंने रक्षा सेवाओं में प्रवेश और चयन प्रक्रिया की जानकारी देने वाली राष्ट्रीय महिला आयोग की पुस्तिका ‘कदम कदम बढ़ाए जा’ का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में बेटियों की अहम भूमिका होगी। विकास भवन में सुनीं महिलाओं की शिकायतें कार्यक्रम के बाद विजया रहाटकर ने विकास भवन में महिला जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा में शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)