विजयनगर में युवकों ने बाइकें गिराईं:दीपावली पर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप, FIR
गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में दीपावली के दौरान मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक भागते हुए रास्ते में खड़ी तीन से चार बाइकें गिराता और पत्थर फेंकता दिख रहा है। वीडियो में किसी के साथ मारपीट होती नहीं दिख रही है। पीड़ितों ने माता कॉलोनी के कुछ युवकों पर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पवन कुमार ने बताया कि दीपावली के दिन वह परिवार के साथ त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान माता कॉलोनी के चार से पांच युवक वहां पहुंचे। पवन के मुताबिक, युवकों के हाथों में लोहे की रॉड और पत्थर थे। उन्होंने बिना किसी बात के मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर भी वे नहीं रुके। अनूप कुमार ने बताया कि वह विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे थे। उन्होंने युवकों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। अनूप का आरोप है कि युवकों ने उनकी बाइक तोड़ दी और उन पर पत्थर से हमला किया। घटना के दौरान कुछ लोगों ने वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। पवन कुमार ने मारपीट करने वाले युवकों के नाम करुण, देव और दीपक बताए हैं। उनके मुताबिक, सभी युवक माता कॉलोनी के रहने वाले हैं। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। विजयनगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच कर रही है और सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)