यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:मां की पार्थिव देह देख योगी भावुक, इमरान बोले- मुस्लिम होने की वजह से क्रिकेटर सिराज बाहर; नसीम दुर्रानी को मार गिराया
नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर सीएम योगी की मां सावित्री देवी के निधन को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर प्रतापगढ़ में धीरेंद्र शास्त्री की कथा के आखिरी दिन लगे दिव्य दरबार में महिलाओं-पुरुषों के अजीबो-गरीब हरकतों से जुड़ी है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा... पहले टॉप 5 खबरें… 1- मां के अंतिम दर्शन के लिए योगी गांव पहुंचे, भावुक नजर आए; कल अंतिम संस्कार सीएम योगी की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार सुबह उत्तराखंड में स्थित पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। मां के निधन के वक्त योगी गोरखपुर में कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। अवनीश अवस्थी ने जानकारी दी। इसके बाद देर शाम योगी पैतृक गांव पहुंचे तो भावुक नजर आए। मां के अंतिम दर्शन किए। शनिवार को ऋषिकेश में अंतिम संस्कार होगा। पूरी खबर पढ़ें 2- धीरेंद्र शास्त्री बोले- प्रेत रोगी आगे आएं, लोटने लगीं महिलाएं, पुरुषों ने कपड़े फाड़े प्रतापगढ़ में धीरेंद्र शास्त्री के दिव्य दरबार में मंत्र पढ़ते ही महिलाएं और पुरुष भागते हुए स्टेज के पास पहुंच गए। बाबा ने जैसे ही हनुमान चालीसा पढ़नी शुरू की तो एक युवक सिर पीटने लगा। एक नागिन डांस करने लगा, जबकि दूसरे ने अपनी शर्ट फाड़ ली और सीना पीटने लगा। महिलाएं भी झूमने लगीं। राजा भैया ने कहा- धीरेंद्र शास्त्री को सड़क से जानबूझकर लाया। देखना था कि रोकने की हिम्मत किसमें है। पूरी खबर पढ़ें 3- 100 की रफ्तार से बाइक को मारी टक्कर, 7 की मौत; यूपी से बिहार बारात में लेकर गए थे बारातियों से भरी गाजीपुर की कार ने बिहार में 100 की स्पीड से बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद कार 20 फीट हवा में उछली, 5-6 बार पलटी खाते हुए पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में दूल्हे के 4 दोस्तों समेत 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें 4 कार सवार और 3 बाइक सवार शामिल हैं। कार सवार 5 युवक गाजीपुर से बारात में शामिल होने बिहार जा रहे थे। कार के दरवाजे तोड़कर फंसे लोगों को बाहर निकाला। पूरी खबर पढ़ें 4- शूटर नसीम एनकाउंटर में ढेर, इंस्टाग्राम बॉयो में खुद को किंग ऑफ मुस्ताफाबाद बताया STF ने बुलंदशहर में शूटर नसीम दुर्रानी को गुरुवार देर रात 1 बजे एनकाउंटर में मार गिराया। उस पर 50 हजार का इनाम था। 4 दिन पहले दिल्ली में मंत्री कपिल मिश्रा के ऑफिस के बाहर एक युवक की हत्या में वांटेड था। एनकाउंटर में दोनों तरफ से 15-20 राउंड गोलियां चलीं। सीने में दो गोलियां लगीं। उसने इंस्टाग्राम बायो में लिखा था- नाम 'बदनाम', पता 'तिहाड़ जेल' और काम 'मरने तक क्राइम करने का'। पूरी खबर पढ़ें 5- कांग्रेस सांसद बोले- सिराज नाम की वजह से टीम से बाहर, BJP बोली- खेल पर राजनीति नहीं भारतीय टेस्ट टीम की प्लेइंग इलेवन से तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बाहर रखने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा- कहा जा रहा कि अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई। उनका नाम 'सिराज' है और शायद इसीलिए जगह नहीं मिली। अगर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी आप उन्हें नहीं चुन रहे हैं, तो यह साफ तौर पर भेदभाव है।” बीजेपी बोली- खेल पर राजनीति नहीं हो। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें... 6- अयोध्या में आकाश आनंद बोले- गुस्से में कुछ नहीं कहूंगा, सरकार का हिसाब लेंगे अयोध्या में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने कहा- कुछ लोग कहते हैं कि आकाश आनंद गुस्से में भाषण देता है। आज साफ कर देना चाहता हूं कि मैं गुस्से में कुछ नहीं कहूंगा। आज सिर्फ सरकार के कामकाज का हिसाब पढ़ेंगे। हम सरकार से चांद-तारे नहीं मांगते। हमारी सिर्फ तीन मांगें हैं- अच्छी शिक्षा, सबकी सुरक्षा और हर हाथ को रोजगार। पूरी खबर पढ़ें 7- अखिलेश बोले- CM 2-3 महीनों के मेहमान; बीजेपी बोली- अखिलेश पश्चाताप रथ निकालें गोरखपुर में बुलडोजर से दबकर बीजेपी नेता के बेटे की मौत मामले में अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर निशाना साधा। शुक्रवार को X पर लिखा- CCTV फुटेज से मुख्यमंत्री की ओर से फैलाए जा रहे झूठ का खुलासा हुआ तो वे बौखला गए हैं। अब बस दो-तीन महीनों के मेहमान मुख्यमंत्री जी की शक्ति बची ही कितने दिनों की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- अखिलेश पूरे प्रदेश में पश्चाताप रथ लेकर निकलें। पूरी खबर पढ़ें 8- हमीरपुर में महिला कर्मचारी ने एक्सईएन को केबिन में पीटा, बोली- हाथ पकड़ते हैं हमीरपुर में बिजली विभाग की महिलाकर्मी ने एक्सईएन को उसके केबिन में जमकर पीटा। महिला का आरोप है कि एक्सईएन ने अपने केबिन में बुलाकर हाथ पकड़ा, चाय पीने के लिए घर बुलाने को कहा और अपनी ओर खींच लिया। महिला ने जब एक्सईएन को पीटा उस समय ऑफिस के बाकी लोग भी उसका साथ देते रहे। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पूरी खबर पढ़ें 9- मुरादाबाद में आजम खान ने बेटे के साथ गुलाब मस्जिद में पढ़ी नमाज, जमकर नारेबाजी रामपुर में आजम खान, बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ जुमे की नमाज घर के पास स्थित मस्जिद में अदा की। बाहर निकलने पर आजम खान ने मीडिया से कहा, “कल विस्तार से बात आप लोगों से हो चुकी है। कोई ऐसा बड़ा इश्यू तो है नहीं, जिस पर बात की जाए।” इसके बाद वे अब्दुल्ला के साथ घर लौट गए। आजम खान से मिलने के लिए उनके आवास पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। पूरी खबर पढ़ें 10- योगी का नरसिंह अवतार पोस्टर; मंत्री राजभर का पलटवार- अखिलेश को हमारी चिंता वाराणसी में सीएम योगी का नरसिंह अवतार में पोस्टर लगाया गया है। इसमें माफिया, अपराधियों और दंगाइयों के प्रतीकात्मक रूप में दिखाए गए एक युवक का वध करते हुए दिखाया गया है। पोस्टर पर लिखा है- अधर्म का नाश, यही है योगी का संकल्प। मंत्री राजभर ने सपा प्रमुख पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, "हमें चिंता नहीं उनकी, उन्हें चिंता हमारी है। हमारी नाव के रक्षक सुदर्शन चक्रधारी हैं।" पूरी खबर पढ़ें 11- फतेहपुर में युवक का चेहरा और प्राइवेट पार्ट कूचकर हत्या, चारपाई पर मिला शव फतेहपुर में युवक का चेहरा कूचकर हत्या कर दी गई। प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान मिले है। शुक्रवार सुबह शव चारपाई पर रजाई पर पड़ा था। मुंह से खून निकल रहा था। परिजन ने देखा तो कोहराम मच गया। युवक बचपन से ही अपने ननिहाल में रहता था। गुरुवार को लड़की के अपहरण मामले में कोर्ट में सुनवाई के बाद घर लौटा था। उसके खिलाफ 4 साल पहले केस दर्ज हुआ था। पूरी खबर पढ़ें 12- जौनपुर कलेक्ट्रेट में आत्मदाह की कोशिश की, जमीन की पैमाइश न होने से नाराज जौनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में किसान ने आत्मदाह की कोशिश की। उन्होंने शुक्रवार दोपहर शरीर पर पेट्रोल छिड़का और आग लगाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पीड़ित ने बताया कि वह 26 साल से जमीन की पैमाइश और बैनामे के लिए दौड़ रहे। लेकिन तहसीलदार सदर, एसडीएम सदर और नायब कानूनगो उसकी पैमाइश नहीं कर रहे। पूरी खबर पढ़ें 13- शाहजहांपुर में नेमप्लेट पर ‘वंदे मातरम्’ लिखा, इमाम का निकाह पढ़ाने से इंकार शाहजहांपुर में मकान की नेमप्लेट पर ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ लिखे होने के कारण इमाम ने मुस्लिम अधिवक्ता की बहन का निकाह पढ़ाने से मना कर दिया। अधिवक्ता मोनिश के मुताबिक, उनकी बहन का निकाह 15 नवंबर को होना था। इसके लिए एक सप्ताह पहले मस्जिद के इमाम मोहम्मद सुरफान रजा कादिरी से निकाह पढ़ाने को कहा था। वहीं, इमाम ने आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है... 14- अलीगढ़ में महिला बेटे को लौटाने अस्पताल पहुंची, बोली- मेरा पति बेरोजगार है अलीगढ़ में एक महिला अपने 20 दिन के बच्चे को लौटाने नर्सिंग होम पहुंच गई। उन्होंने डॉक्टर को बच्चा सौंपते हुए कहा कि मेरा पति बेरोजगार है। बच्चे की वजह से उसपर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। बच्चे को किसी दूसरे परिवार को सौंप दिया जाए। जिले की बाल कल्याण समिति ने बच्चे की देखरेख का जिम्मा उठाया है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास... 15- पीएम मोदी का लखनऊ दौरा पीएम मोदी शनिवार 21 नवंबर को लखनऊ आएंगे। वे पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम में देशभर के 52 ऑल इंडिया टॉपर प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित करेंगे। इनमें उत्तर प्रदेश के छह प्रशिक्षार्थी शामिल हैं। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात...
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)