अल्ट्रासाउंड कराकर लौट रही महिला को गोली मारी:अलीगढ़ क्षेत्र में घटना, पति-ननदोई पर आरोप, रास्ते में रोका, स्कूटी पर ले गया और कमर में मार दी गोली
शहर में अल्ट्रासाउंड कराकर ऑटो से घर लौट रही 28 वर्षीय महिला को रास्ते में रोककर गोली मार दी गई। महिला ने अपने पति और नंदोई पर गोली मारने का आरोप लगाया है। आरोप है कि दोनों स्कूटी से आए और हरदुआगंज तिराहे पर उसे रोकने के बाद अपने साथ जवां क्षेत्र में कासिमपुर रोड पर ले गए। यहां विवाद के बाद उसकी कमर में गोली मार दी। गोली लगने से घायल महिला सड़क किनारे पड़ी मिली। एक राहगीर की सूचना पर उसे निजी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। चार साल पहले हुई थी शादी, ढाई साल से मायके में रह रही महिला की पहचान चायना (28) पत्नी परवीन निवासी गांव भीकमपुर, थाना छर्रा के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब चार साल पहले बरला क्षेत्र के परवीन से हुई थी। महिला के मुताबिक, पिछले ढाई साल से पति से विवाद चल रहा है और वह अपने मायके में रह रही है। गुरुवार को वह अल्ट्रासाउंड कराने के लिए अलीगढ़ आई थी। यहां से ऑटो में बैठकर छर्रा की तरफ लौट रही थी। हरदुआगंज तिराहे से कासिमपुर रोड तक ले जाने का आरोप महिला ने पुलिस को बताया कि हरदुआगंज कस्बे के तिराहे पर उसका पति परवीन और नंदोई स्कूटी से आ गए। दोनों ने उसे रोककर विवाद किया। इसके बाद उसे स्कूटी पर बैठाकर जवां क्षेत्र में कासिमपुर रोड की तरफ ले गए। वहां उसके साथ मारपीट और झगड़ा किया गया। इसी दौरान उसकी कमर में गोली मार दी गई। हालांकि, घटनाक्रम को लेकर महिला के बयानों में भी बदलाव सामने आया है। राहगीर ने सड़क किनारे घायल देखा, अस्पताल पहुंचाया गोली लगने के बाद महिला सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ी थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार ने उसे देखा और शोर मचाकर लोगों को जानकारी दी कि एक महिला घायल पड़ी है। इसके बाद स्थानीय लोग उसे जवां क्षेत्र के एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। दोपहर करीब एक बजे पृथ्वीराज हॉस्पिटल के माध्यम से गनशॉट इंजरी की सूचना थाना जवां पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ की। उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। बयानों में बदलाव से उलझी वारदात की गुत्थी सीओ नगर तृतीय सर्वम सिंह के मुताबिक, महिला से पूछताछ में कई अलग-अलग बातें सामने आई हैं। कभी वह कह रही है कि झगड़े और मारपीट के दौरान बेहोश हो गई थी और उसे घटना के बारे में कुछ पता नहीं चला। कभी पति और नंदोई पर स्कूटी से ले जाने का आरोप लगा रही है, तो कभी टेंपो से ले जाने की बात कह रही है। पुलिस को घटनास्थल बताए गए कासिमपुर रोड पर खून के धब्बे भी मिले हैं। ऐसे में महिला के आरोपों की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सर्विलांस और सीसीटीवी से तलाशे जा रहे सुराग सीओ ने बताया कि महिला की शादी को करीब चार साल हुए हैं और पिछले ढाई साल से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। महिला उपचाराधीन है और खतरे से बाहर है। घटनाक्रम की सच्चाई जानने के लिए पुलिस सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अभी पुलिस को तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद साक्ष्यों और जांच के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)