यूपी के स्कूलों में 26 बिंदुओं पर योजनाओं की समीक्षा:समग्र शिक्षा, पीएम श्री और पीएम पोषण योजना को सुधारने के दिए गए निर्देश

Nov 19, 2026 - 22:25
0
यूपी के स्कूलों में 26 बिंदुओं पर योजनाओं की समीक्षा:समग्र शिक्षा, पीएम श्री और पीएम पोषण योजना को सुधारने के दिए गए निर्देश
परिषदीय स्कूलों में चल रही योजनाओं की रफ्तार और उनके जमीनी असर को परखने के लिए गुरुवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में समग्र शिक्षा, पीएम श्री और पीएम पोषण समेत विभाग की विभिन्न योजनाओं की 26 बिंदुओं पर समीक्षा की गई। इसमें बच्चों के सीखने का स्तर, स्कूलों में नामांकन, छात्र-शिक्षक उपस्थिति, पोषण, शिक्षण व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों के इस्तेमाल की स्थिति देखी गई। अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादातर जिलों में योजनाओं की प्रगति उम्मीद के मुताबिक मिली। जिन जिलों में कमियां सामने आईं, उन्हें तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। बच्चों के सीखने के स्तर पर विशेष फोकस बैठक में निपुण भारत मिशन के तहत बच्चों के निर्धारित शैक्षिक लक्ष्य हासिल करने की स्थिति देखी गई। इसके साथ ही निपुण तालिका के इस्तेमाल, यू-डायस के आंकड़ों को अपडेट करने, होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड और बाल वाटिका के संचालन की समीक्षा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बच्चों की पढ़ाई का नियमित आकलन किया जाए और शुरुआती कक्षाओं में उनकी बुनियादी शिक्षा मजबूत करने पर ध्यान दिया जाए। मिड-डे मील से लेकर किताबों तक की समीक्षा पीएम पोषण योजना के तहत बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, रसोइयों का मानदेय, भोजन की लागत और भुगतान की स्थिति पर चर्चा हुई। स्कूलों में पुस्तकालयों के इस्तेमाल, बच्चों को किताबें उपलब्ध कराने और खेल सामग्री के उपयोग का भी आकलन किया गया। इसके अलावा आरटीई के तहत फीस प्रतिपूर्ति और अभिभावकों को डीबीटी के माध्यम से मिलने वाली धनराशि की स्थिति देखी गई। शिक्षकों और बच्चों की उपस्थिति पर जवाबदेही समीक्षा में शिक्षकों के प्रशिक्षण, उनके कौशल विकास और स्कूलों में नियमित उपस्थिति को भी शामिल किया गया। अधिकारियों को शिक्षण गतिविधियों में सुधार और प्रशिक्षण का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने को कहा गया। बालिका शिक्षा के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं के नामांकन, उपस्थिति, स्टाफ चयन और पढ़ाई की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। स्मार्ट क्लास और स्कूलों की सुविधाओं का आकलन स्कूलों के भवनों की स्थिति, स्मार्ट क्लास, डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल और पीएम कंपोजिट विद्यालयों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को बेहतर बनाने और स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों का पूरा इस्तेमाल सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। 30 नवंबर को फिर होगी समीक्षा बैठक में सभी जिलों के अधिकारियों को 26 बिंदुओं पर अपने यहां की प्रगति, कमियों और उनके समाधान की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी 30 नवंबर को दोबारा इन बिंदुओं की समीक्षा करेंगी। बैठक में बेसिक शिक्षा और समग्र शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और संबंधित इकाइयों के प्रभारी शामिल हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User