हरदोई में सरकारी-जमीन पर अवैध कब्जा करने पर कड़ा एक्शन:आरोपी पर केस दर्ज, डीएम से ग्रामीणों ने की थी शिकायत

Oct 22, 2026 - 10:03
0
हरदोई में सरकारी-जमीन पर अवैध कब्जा करने पर कड़ा एक्शन:आरोपी पर केस दर्ज, डीएम से ग्रामीणों ने की थी शिकायत
हरदोई में टड़ियावां थाना क्षेत्र के राजस्व ग्राम सैंती में सरकारी बंजर भूमि पर कथित अवैध निर्माण के मामले में रामाधीन पुत्र बालकराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बुधवार रात 9:44 बजे क्षेत्रीय लेखपाल पंकज कुमार की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि राजस्व अधिकारियों के मना करने के बावजूद भूमि पर पक्का निर्माण और टीनशेड डालकर कब्जा किया जा रहा था। मामला सैंती गांव, परगना गोपामऊ स्थित गाटा संख्या 602 की 0.110 हेक्टेयर बंजर भूमि से जुड़ा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि रामाधीन ने भूमि के एक हिस्से पर पक्का निर्माण और टीनशेड डालना शुरू कर दिया। लेखपाल और राजस्व निरीक्षक की ओर से मना किए जाने के बाद भी निर्माण कार्य जारी रहने की शिकायत की गई थी। ग्रामीणों ने डीएम से की थी शिकायत मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी राहुल पांडेय से शिकायत की थी। डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर गुलाब चंद्र ने तहसीलदार सदर, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल पंकज कुमार को तत्काल विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद राजस्व टीम की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कार्रवाई की गई। पहले से तहसीलदार की अदालत में लंबित था वाद जानकारी के अनुसार, कथित अवैध कब्जे को लेकर तहसीलदार सदर की अदालत में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा 67 के तहत वाद पहले से लंबित था। बार-बार मना किए जाने के बावजूद निर्माण जारी रखने के आरोप के बाद राजस्व विभाग ने कार्रवाई के लिए रिपोर्ट दी। BNS और सार्वजनिक संपत्ति कानून के तहत केस थाना प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक हुसैन ने लेखपाल की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 329 और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 2/3 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसडीएम सदर गुलाब चंद्र ने बताया कि ग्राम पंचायत और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User