यूपी विधानसभा अध्यक्ष से मिले भाजपा विधायक बावन सिंह:पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीराम कथा अमृत महोत्सव का दिया निमंत्रण पत्र
गोंडा जिले की कटरा बाजार विधानसभा सीट से भाजपा विधायक बावन सिंह ने शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे लखनऊ पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें शुक्रवार शाम करीब 8 बजे सामने आईं। इस दौरान विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष को 4 से 6 दिसंबर तक चौरी चौराहा पर आयोजित होने वाले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के 'श्रीराम कथा अमृत महोत्सव' का निमंत्रण पत्र सौंपा। इस कार्यक्रम का आयोजन भाजपा विधायक बावन सिंह और उनके पुत्र व हलधरमऊ के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि वैभव सिंह की ओर से किया जा रहा है। मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने आयोजन की तैयारियों के बारे में जानकारी ली और कथा में शामिल होने का आश्वासन दिया।
विधायक बावन सिंह ने बताया कि प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया की ओर से आयोजित कथा के बाद 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की यह दूसरी बड़ी कथा कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र में होने जा रही है। कार्यक्रम में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा समेत अन्य तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। एक दिन पहले CM योगी को दिया था निमंत्रण इससे एक दिन पहले गुरुवार देर शाम करीब 7:30 बजे विधायक बावन सिंह ने गोंडा के पांच अन्य भाजपा विधायकों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को भी कथा में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। विधायक बावन सिंह ने कहा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हमारे अभिभावक हैं, इसलिए सबसे पहले गुरुवार को हमने उन्हें निमंत्रण पत्र सौंपा। आज विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को आमंत्रित किया है, क्योंकि वे सदन में हम सभी विधायकों के मुखिया और वरिष्ठ नेता हैं। वे समय-समय पर हमारा मार्गदर्शन करते रहते हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने भी कथा में आने का आश्वासन दिया है। हमें पूरी उम्मीद है कि वे जरूर पधारेंगे।"
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)