एसडीएम को जन औषधि केंद्र में बाहरी दवाएं मिलीं:उन्नाव जिला अस्पताल के निरीक्षण में सफाई की कमियां भी दिखीं
उन्नाव जिला अस्पताल में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे एसडीएम सदर राजेश विश्वकर्मा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जन औषधि केंद्र में जेनेरिक दवाओं के साथ बाहरी दवाओं का स्टॉक मिला। वहीं, अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था में भी कमियां मिलीं। एसडीएम ने कमियां दूर कराने और दवाओं की जांच के निर्देश दिए। एसडीएम ने अस्पताल के वार्ड, लेबर रूम, जन औषधि केंद्र और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से डॉक्टरों के नियमित आने और इलाज में परेशानी के बारे में पूछा। मरीजों और तीमारदारों ने बताया कि डॉक्टर नियमित रूप से इलाज कर रहे हैं। किसी ने डॉक्टरों के समय पर न देखने या इलाज में लापरवाही की शिकायत नहीं की। लेबर रूम में एसडीएम ने प्रसव के लिए आई महिलाओं के तीमारदारों से पूछा कि उनसे अतिरिक्त शुल्क या लेबर चार्ज तो नहीं लिया जा रहा है। तीमारदारों ने किसी तरह का अतिरिक्त भुगतान लेने से इनकार किया। इसके बाद एसडीएम ने कर्मचारियों से अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जन औषधि केंद्र में मिलीं बाहरी दवाएं जन औषधि केंद्र में कुछ जेनेरिक दवाओं के साथ बाहरी दवाओं का स्टॉक भी मिला। इस पर एसडीएम ने सीएमएस से दवाओं की उपलब्धता और उन्हें रखने के नियमों की जानकारी ली। सीएमएस ने बताया कि शासनादेश के मुताबिक, अस्पताल में उपलब्ध नहीं होने वाली दवाओं के विकल्प के तौर पर जेनेरिक दवाएं रखी जा सकती हैं। उन्होंने इस संबंध में शासनादेश भी दिखाया। एसडीएम ने कहा कि शासनादेश की जांच की जा रही है। जन औषधि केंद्र में उपलब्ध दवाओं का पूरा डेटा तैयार कराया जा रहा है। यह भी जांच की जाएगी कि केंद्र में केवल अस्पताल में अनुपलब्ध दवाओं के विकल्प के रूप में ही जेनेरिक दवाएं रखी गई हैं या अन्य दवाएं भी स्टॉक में शामिल हैं। इसके लिए सीएमएस को पूरी रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इनसेट: सफाई में मिली कमियां, फ्री पार्किंग में वसूली की शिकायत अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते समय कुछ स्थानों पर सफाई व्यवस्था में कमियां मिलीं। इस पर एसडीएम ने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके बाद सफाईकर्मी मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य में जुट गए। वहीं, अस्पताल परिसर में बने निशुल्क पार्किंग स्टैंड पर बाइक खड़ी करने वालों से पर्ची काटकर रुपये वसूलने की शिकायत भी सामने आई। यह शिकायत पत्रकार की ओर से एसडीएम के सामने उठाई गई। इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें पहले इस मामले की जानकारी नहीं थी। अब इसकी जांच कराई जाएगी। निशुल्क पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला अस्पताल में प्रतिदिन किसी न किसी उच्चाधिकारी की निरीक्षण के लिए ड्यूटी लगाई जा रही है। इसका उद्देश्य अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार करना और मरीजों को बिना परेशानी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अधिकारियों का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)