युवक की मौत की वजह पानी में डूबना निकली:ललितपुर में कुएं में मिली थी लाश, कमर पर 15 किलो का पत्थर बंधा था

Nov 02, 2026 - 16:21
0
युवक की मौत की वजह पानी में डूबना निकली:ललितपुर में कुएं में मिली थी लाश, कमर पर 15 किलो का पत्थर बंधा था
ललितपुर के जखौरा थाना क्षेत्र के नौहर कलां गांव में कुएं में मिले वीरन यादव (53) की मौत पानी में डूबने से हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। वीरन की कमर पर बिजली की काली डोरी से करीब 15 किलो का पत्थर बंधा मिला था। ऐसे में पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार वाजपेई ने सोमवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घर के विवाद समेत अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है। हालांकि, अभी तक गांव में किसी से उनकी दुश्मनी की जानकारी सामने नहीं आई है। चार दिन से लापता थे वीरन नौहर कलां गांव के रहने वाले वीरन यादव, धूप सिंह के बेटे थे। वह करीब चार दिन पहले घर से बिना बताए चले गए थे। 31 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर खेत के पास स्थित कुएं से दुर्गंध आने पर राहगीरों ने अंदर देखा। पानी में शव तैरता मिला तो परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को खबर दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इस दौरान उनकी कमर पर बिजली की काली डोरी से करीब 15 किलो का पत्थर बंधा मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह पानी में डूबना बताई गई है। जमीन के बकाया रुपयों को लेकर भी जांच वीरन के भतीजे रामान सिंह यादव ने बताया कि उनके फूफा अक्सर बिना बताए घर से चले जाते थे और कुछ दिन बाद लौट आते थे। करीब चार दिन पहले भी वह इसी तरह घर से गए थे। रामान सिंह के मुताबिक, वीरन शराब पीते थे। उन्होंने करीब 10 एकड़ जमीन बेची थी, जिसके खरीदारों पर उनके रुपये बकाया थे। वह लगातार भुगतान मांग रहे थे, लेकिन उन्हें रुपए नहीं मिल रहे थे। भतीजे ने आशंका जताई कि वीरन की हत्या करने के बाद शव को पत्थर से बांधकर कुएं में फेंका गया होगा। वीरन अपनी एक बहन के इकलौते भाई थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वीरन की मौत आत्महत्या से हुई या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User