सीतापुर के स्कूल में पानी-शौचालय की व्यवस्था खराब मिली:डीएम ने नोटिस और जवाब मांगा, व्यवस्थाएं ठीक होने तक वेतन रोकने को कहा

Nov 02, 2026 - 16:21
0
सीतापुर के स्कूल में पानी-शौचालय की व्यवस्था खराब मिली:डीएम ने नोटिस और जवाब मांगा, व्यवस्थाएं ठीक होने तक वेतन रोकने को कहा
सीतापुर में डीएम डॉ. राजा गणपति आर. ने सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे परसेंडी विकासखंड स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय खानपुर कंपोजिट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं से लेकर पढ़ाई तक में कई खामियां मिलीं। जर्जर शौचालय, पेयजल की बदहाल व्यवस्था और बच्चों की कम उपस्थिति देखकर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शौचालय जर्जर अवस्था में मिले। पेयजल व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। पानी की टंकी और टोंटियों में पानी उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। इस पर डीएम ने प्रधानाध्यापक मंजू वंदना से जवाब मांगा, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं मिला। कंपोजिट ग्रांट से आवश्यक कार्य नहीं कराए जाने पर प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। भोजन सामग्री की गुणवत्ता भी खराब डीएम ने रसोईघर पहुंचकर मध्याह्न भोजन में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता जांची। सामग्री की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर प्रधानाध्यापक ने बताया कि इसे ग्राम प्रधान (प्रशासक) ने उपलब्ध कराया है। इस पर डीएम ने ग्राम प्रधान (प्रशासक) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम मिली। अधिकांश बच्चे बिना यूनिफॉर्म और जूतों के पहुंचे थे। डीएम ने कम से कम 90 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और सभी बच्चों के यूनिफॉर्म व जूते पहनकर स्कूल आने के निर्देश दिए। अभिभावकों से संबंधित अभिलेख और रजिस्टर अधूरे मिलने पर प्रधानाध्यापक को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। स्मार्ट क्लास में विद्यार्थियों की कंप्यूटर संचालन संबंधी दक्षता संतोषजनक नहीं मिलने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रधानाध्यापक के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई करने तथा खंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि पेयजल, शौचालय, उपस्थिति और यूनिफॉर्म समेत सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त होने तक प्रधानाध्यापक का वेतन रोकने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने बीएसए को जिले के सभी बेसिक विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User